मऊ में दबंगों का हमला: पत्रकार के परिवार पर बरसे ईंट-पत्थर, चाचा की हालत नाजुक
मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के मुस्कुरा गांव में 4 मार्च 2026 की शाम करीब 5:30 बजे पत्रकार नितीश कुमार और उनके परिवार पर दोबारा जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावरों ने ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों और अवैध हथियारों से हमला करते हुए घर में घुसकर तोड़फोड़ की और दहशत फैलाने की कोशिश की।
हमले के दौरान नितीश कुमार के चाचा कुशहर यादव और बहन आकृति यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने घर में रखे सामान को नुकसान पहुंचाया, प्रेस लिखी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को भी तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि इसी दिन दोपहर करीब 1:30 बजे नितीश कुमार ने संभावित विवाद को लेकर डायल 112 पर सूचना दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कोई ठोस कार्रवाई किए बिना वापस लौट गई। आरोप है कि कार्रवाई न होने से हमलावरों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने शाम को दोबारा हमला कर दिया।
घटना के बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुशहर यादव की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें पहले मऊ जिला अस्पताल और बाद में वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पीड़ित पत्रकार नितीश कुमार ने 5 मार्च को घोसी थाने के प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 31 अक्टूबर 2024 को भी उनके परिवार पर इसी तरह का प्राणघातक हमला हो चुका है। पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनके परिवार की जान को गंभीर खतरा बना रहेगा।

