अपना जिला

विश्व पर्यावरण दिवस पर बनारस रेलवे स्टेशन परिसर में मंडल महिला कल्याण संगठन ने किया पौधारोपण

वाराणसी, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंडल महिला कल्याण संगठन, वाराणसी द्वारा बनारस रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया स्थित पार्क में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगठन की अध्यक्षा वाणी जैन के नेतृत्व में सदस्याओं ने छायादार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम में संगठन की सचिव जागृति सिंह, कोषाध्यक्ष मधुलिका सिंह सहित सुनीता गौंड, मौसमी चौधुरी और संगीता कुमारी ने सहभागिता की। इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड जिला संघ वाराणसी के बच्चों की भी उपस्थिति रही।

अध्यक्षा वाणी जैन ने उपस्थित रेल यात्रियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में पर्यावरण संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। बढ़ते प्रदूषण और बदलती जलवायु की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपनाकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने अपने घरों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

संगठन की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई कि विश्व पर्यावरण दिवस को केवल एक दिन का आयोजन न मानकर पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। वक्ताओं ने कहा कि एक पेड़ न केवल ऑक्सीजन प्रदान करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण की नींव भी रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *