खेल-खिलाड़ी

बलिया के मैदान में करिश्मा कपूर के बेटे कियान राज कपूर का जलवा, फुटबॉल में दिखाया दम; टीम ने चंडीगढ़ को 5-0 से रौंदा

बलिया। बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बेटे कियान राज कपूर इन दिनों उत्तर प्रदेश के बलिया में अपने फुटबॉल कौशल से सुर्खियां बटोर रहे हैं। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता में कियान अपनी टीम इंटरनेशनल बोर्ड स्कूल्स स्पोर्ट्स ऑर्गनाइजेशन (IBSSO) की ओर से मैदान में उतरकर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में बुधवार को चंडीगढ़ के खिलाफ खेले गए मुकाबले में कियान की टीम ने 5-0 से शानदार जीत दर्ज की। इससे पहले मंगलवार को टीम ने दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के खिलाफ 6-0 से बड़ी जीत हासिल की थी। इस तरह टीम ने लगातार दो मुकाबले जीतकर खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाए हैं।
मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 11वीं के छात्र 16 वर्षीय कियान इस प्रतियोगिता में अपनी टीम के कप्तान और लेफ्ट बैक खिलाड़ी की भूमिका निभा रहे हैं। दोनों मुकाबलों में उनकी भूमिका अहम रही है। वहीं टीम के स्टार अटैकर विराज अरोरा ने दोनों मैचों में चार-चार गोल दागकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कियान का चयन राजस्थान के जयश्री पेरीवाल इंटरनेशनल स्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर IBSSO टीम में हुआ है। उनके प्रशिक्षक त्रिजित दास के मुताबिक कियान बचपन से ही फुटबॉल के प्रति समर्पित हैं। उनमें खेल के प्रति गहरा लगाव, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन करने का जज्बा है।
कियान की टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबलों में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के खिताब की प्रबल दावेदारी पेश की है। अब सबकी निगाहें कियान और उनकी टीम के अगले मुकाबलों पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *