ऊर्जा उत्पादन और ई-कचरे पर अनूठे प्रयोग, सनबीम स्कूल के चार विद्यार्थियों ने बढ़ाया मऊ का मान
सनबीम स्कूल मऊ के चार होनहार विद्यार्थियों ने बढ़ाया जनपद का गौरव, राज्य स्तरीय राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में बनाई जगह
मऊ। सनबीम स्कूल, मऊ के चार विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC) 2026 के जिला स्तरीय चरण में सफलता हासिल कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह सुनिश्चित की है।
प्रतियोगिता की सीनियर श्रेणी में आदर्शिका सिंह एवं नव्या पांडेय ने अपने प्रोजेक्ट ‘PiezoMag Electricity Generator’ के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में अपनी वैज्ञानिक समझ और नवाचार क्षमता का प्रदर्शन किया। वहीं, जूनियर श्रेणी में गर्वित सिंह एवं अथर्व रत्नम सिंह ने ‘E-Waste Leak’ विषय पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत कर ई-कचरे से जुड़ी समस्याओं को रेखांकित किया और अपनी रचनात्मक सोच का परिचय दिया।
राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, अनुसंधान और समाजोपयोगी नवाचार को बढ़ावा देने वाला महत्वपूर्ण मंच है। जिला स्तर पर सफलता प्राप्त कर राज्य स्तर तक पहुंचना विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों के समर्पित प्रयासों का परिणाम है।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक ने चारों विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सनबीम स्कूल विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यालय के ये युवा वैज्ञानिक राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय के साथ जनपद मऊ का नाम रोशन करेंगे।

