आदेडीह में स्वर्गीय जंगपाल सिंह की स्मृति में भव्य दंगल, 36 जोड़ियों ने दिखाया दमखम
मऊ। परदहां ब्लॉक के अंतर्गत आदेडीह गांव स्थित रामलीला स्थल पर दशहरा के शुभ अवसर पर स्वर्गीय जंगपाल सिंह की स्मृति में भव्य दंगल का आयोजन किया गया। इसमें मऊ, आजमगढ़, बलिया, गोरखपुर, इंदरपुर, भलयां, दिल्ली और गाजीपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने हिस्सा लिया। दंगल में करीब 36 जोड़ियों के बीच कुश्ती हुई और पहलवानों ने अपने दांव-पेच का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने सर्वप्रथम स्वर्गीय जंगपाल सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में मनोज राय ने कहा कि पूर्वांचल में कुश्ती की परंपरा आज भी काफी लोकप्रिय है। अखाड़ों के माध्यम से इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। कुश्ती ऐसी विधा है, जो शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक मजबूती और अनुशासन को भी बढ़ावा देती है।
रोमांचक मुकाबलों में पहलवानों ने दिखाया दम
दंगल के प्रमुख मुकाबलों में प्रिंस दिल्ली और प्रिंस बनारस के बीच हुई कुश्ती में प्रिंस बनारस ने दो मिनट में डांक दांव लगाकर जीत दर्ज की। साहिल सरवां, मऊ ने सोनू लोहा टिकट को दो मिनट में पटखनी दी। शिवम सरवां, मऊ ने सैफ असना को पराजित किया। वहीं, शिवम गौड़ी की मठिया ने
साहिल औरंगाबाद को दो मिनट में चित कर दिया।
दीपू बनारस ने अरुण बैराग को तीन मिनट में डांक दांव लगाकर हराया, जबकि विशाल करमपुर, गाजीपुर ने अभय बनारस को पराजित किया। राजू बनारस और सतपाल सरवां के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। दंगल में अधिकांश कुश्तियां बराबरी पर समाप्त हुईं, जिससे मुकाबलों का रोमांच बना रहा।
कई गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
दंगल में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश सिंह, लोकदल नेता देवेंद्र सिंह, विजय प्रताप सिंह, सदर मऊ के पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह, यशपाल सिंह, हसनाथ तिवारी, राजवंश सिंह, अशोक बड़े बाबू, पहलवान दल्लन सिंह, प्रशांत राय, मयंक सिंह, त्रिभुवन सिंह, भासपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, पूर्व प्रमुख सर्वेश राय, सुरेंद्र यादव भाटे, राजनारायण सिंह, हृदयनारायण सिंह और जेल पुलिस के आशीष सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
दंगल में रेफरी की भूमिका रामनारायण यादव पहलवान ने निभाई, जबकि संचालन हरिवंश यादव ने किया। आयोजन में संजय सिंह और मयंक सिंह की प्रमुख भूमिका रही। आयोजकों ने दंगल में पहुंचे सभी अतिथियों, पहलवानों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






