लखनऊ के मंच से शक्ति सिंह का बड़ा ऐलान, बोले- बदलाव को तैयार मऊ, अब विकास और स्वाभिमान का होगा शंखनाद
• यूथ डायलॉग में मऊ के विकास का रोडमैप पेश किया, टेक्सटाइल हब, बुनकरों को वैश्विक बाजार और युवाओं के लिए रोजगार पर दिया जोर
लखनऊ।मऊ में विकास, सुरक्षा और राजनीतिक बदलाव की नई संभावनाओं को लेकर भाजपा नेता शक्ति सिंह ने राजधानी लखनऊ के एक प्रबुद्ध मंच से बड़ा बयान दिया। रविवार को लखनऊ के 1090 चौराहे पर ‘फ्रेंड्स ऑफ योगी’ की ओर से आयोजित उच्चस्तरीय ‘यूथ डायलॉग’ संगोष्ठी में उन्होंने मऊ सहित पूरे पूर्वांचल के विकास का रोडमैप प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और वरिष्ठ विधि विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में शक्ति सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि बुलडोजर की कार्रवाई केवल अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने माफिया सिंडिकेट की आर्थिक और सामाजिक पकड़ को भी चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि दशकों तक अपराध, रंगदारी और दबंगई के कारण मऊ की विकास संभावनाएं प्रभावित रहीं, लेकिन अब कानून के राज ने नई उम्मीदें पैदा की हैं।
शक्ति सिंह ने कहा कि मऊ के बुनकरों, व्यापारियों और युवाओं को भयमुक्त वातावरण देना विकास की पहली शर्त है। अब जरूरत इस बदले हुए माहौल को औद्योगिक निवेश, रोजगार और आर्थिक समृद्धि में बदलने की है।
मऊ के भविष्य की रूपरेखा रखते हुए उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे ने मऊ को राजधानी लखनऊ के करीब ला दिया है। ऐसे में मऊ को आधुनिक टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने, स्थानीय बुनकरों के हुनर को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने, औद्योगिक निवेश आकर्षित करने तथा युवाओं के लिए स्टार्टअप, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल सुविधाओं और सम्मानजनक रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में काम होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अब मऊ की पहचान अपराध और माफिया के अतीत से नहीं, बल्कि उद्योग, हुनर, शिक्षा और विकास से होनी चाहिए। लखनऊ के मंच से उन्होंने राजनीतिक बदलाव का संदेश देते हुए कहा कि मऊ की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और यहां विकास व राष्ट्रवादी नेतृत्व के नए दौर का शंखनाद होगा।
शक्ति सिंह ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेश और रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उत्तर प्रदेश बदल सकता है तो मऊ क्यों नहीं? उनके अनुसार, अब समय मऊ के स्वाभिमान, आर्थिक उन्नति और समग्र विकास को प्राथमिकता देने का है।
संगोष्ठी में मौजूद पूर्व डीजीपी और वरिष्ठ कानूनविदों ने शक्ति सिंह के विचारों एवं मऊ के विकास को लेकर प्रस्तुत दृष्टिकोण का स्वागत किया। राजधानी के मंच से दिए गए इस संबोधन को मऊ की आगामी राजनीतिक दिशा और विकास की आकांक्षाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

