अपना जिला

अखिलेश यादव से मिले समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारी, व्यापारियों की समस्याओं और अधिकारों का उठाया मुद्दा

• प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया एवं मऊ जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपा वैश्य समाज के कुलगुरुओं का चित्र

लखनऊ। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया एवं मऊ जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात कर प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं, उनके हितों, सम्मान, सुरक्षा और व्यापारिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए।

मुलाकात के दौरान पदाधिकारियों ने छोटे, मध्यम, खुदरा एवं थोक व्यापारियों को आ रही समस्याओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों की ओर से निरीक्षण एवं जांच के नाम पर छोटे व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। व्यापारियों को भयमुक्त और सम्मानजनक माहौल में कारोबार करने का अवसर मिलना चाहिए।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने वैश्य समाज के कुलगुरुओं का चित्र अखिलेश यादव को भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही वैश्य समाज की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत, समाज की भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की।

अभिषेक मद्धेशिया ने कहा कि व्यापारी समाज देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। व्यापारी रोजगार सृजन के साथ ही सरकार को राजस्व उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

मऊ जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी ने कहा कि जनपद मऊ सहित पूरे प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से लगातार उठाया जाता रहेगा। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व से व्यापारियों की आवाज को संगठन और राजनीतिक स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया।

पदाधिकारियों ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल एवं प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में संगठन व्यापारी हितों के लिए लगातार सक्रिय है। इस दौरान समाजवादी पार्टी मऊ के जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव भी मौजूद रहे।

इस मुलाकात को व्यापारी हितों और वैश्य समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक भागीदारी से जुड़े मुद्दों को पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *