32वें स्थापना दिवस पर गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल की कर्मचारियों को सौगात, 50% बोनस और 10% वेतन वृद्धि की घोषणा
मऊ। गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल एंड पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ने अपने 32वें स्थापना दिवस पर कर्मचारियों को विशेष सौगात दी है। अस्पताल प्रबंधन ने कर्मचारियों के समर्पण और सेवाओं के सम्मान में 50 प्रतिशत स्थापना दिवस बोनस तथा 10 प्रतिशत वेतन वृद्धि की घोषणा की है।
घोषणा के अनुसार, पात्र कर्मचारियों को उनके सकल मासिक वेतन का 50 प्रतिशत एकमुश्त बोनस दिया जाएगा। वहीं, 1 नवंबर 2026 से पात्र कर्मचारियों के वेतन में 10 प्रतिशत की वृद्धि प्रभावी होगी। दोनों लाभ उन्हीं कर्मचारियों को मिलेंगे, जिन्होंने निर्धारित तिथि तक छह महीने से अधिक की सेवा पूरी कर ली है। पात्रता का निर्धारण आधिकारिक कार्यग्रहण तिथि और मानव संसाधन विभाग के अभिलेखों के आधार पर होगा।
इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. अभिषेक गुप्ता ने कहा कि संस्थान की 32 वर्षों की यात्रा में प्रत्येक कर्मचारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियनों से लेकर स्वच्छता, सुरक्षा और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़े सभी कर्मचारियों की मेहनत से अस्पताल की सेवा व्यवस्था मजबूत हुई है। बोनस और वेतन वृद्धि उनकी मेहनत के प्रति संस्थान की कृतज्ञता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार, सुरक्षा और संवेदनशील व्यवहार उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। साथ ही कर्मचारियों के कौशल विकास, बेहतर कार्य वातावरण और सामाजिक सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नियमानुसार पात्र कर्मचारियों के पीएफ एवं ईएसआईसी पंजीकरण की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्थापना दिवस पर प्रबंधन ने कर्मचारियों से अनुशासन, समयपालन, टीम भावना और मरीजों के प्रति सम्मानपूर्ण व्यवहार बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर संस्थापक वरिष्ठ सर्जन डॉ. पीएल गुप्ता डा. भूपेश गुप्ता और श्रीमती कुसुम चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


