अपना जिला

रे ऑफ ह्यूमैनिटी के मेगा मेडिकल कैंप में उमड़ा जनसैलाब, 1100 से अधिक लोगों ने उठाया निःशुल्क इलाज का लाभ

मऊ। IS पब्लिक स्कूल में रे ऑफ ह्यूमैनिटी के तत्वावधान में निःशुल्क मेगा मेडिकल कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कैंप में आसपास के क्षेत्रों से 1100 से अधिक लोगों ने पहुंचकर विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों से निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान 15 से अधिक शहरों और आसपास के क्षेत्रों के प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

कैंप में सुबह से ही मरीजों के पंजीकरण का सिलसिला शुरू हो गया, जो दोपहर करीब तीन बजे तक जारी रहा। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आयोजन की उपयोगिता और संस्था के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाया।

इस मेगा मेडिकल कैंप को सफल बनाने के लिए संस्था की टीम करीब एक महीने से तैयारियों में जुटी हुई थी। संस्था के सदस्यों ने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन किया। आयोजन में रे ऑफ ह्यूमैनिटी की महिला विंग की भूमिका भी विशेष रूप से सराहनीय रही। महिला विंग की सदस्यों ने तैयारियों से लेकर कार्यक्रम के समापन तक सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

संस्था के अध्यक्ष जमाल अर्पण ने कैंप की सफलता पर सभी सदस्यों, उपस्थित चिकित्सकों, वार्ड सदस्यों और विशेष रूप से IS पब्लिक स्कूल के मैनेजर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति अच्छे चिकित्सकों से परामर्श लेने से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से रे ऑफ ह्यूमैनिटी समय-समय पर ऐसे जनहितकारी आयोजन करती रहती है।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद मऊ के चेयरमैन अरशद जमाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने जमाल अर्पण की समाजसेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में जमाल अर्पण जैसा व्यक्ति नहीं देखा, जो हमेशा दूसरों के हित के बारे में सोचता रहता है। उन्होंने कहा कि ऐसे समाजसेवी का मऊ में होना शहर के लिए गर्व की बात है।

अंत में संस्था की ओर से सभी चिकित्सकों, सदस्यों, महिला विंग, सहयोगियों और IS पब्लिक स्कूल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया गया। संस्था ने भविष्य में भी इसी तरह समाजहित और मानव सेवा के कार्यों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।

रे ऑफ ह्यूमैनिटी का यह आयोजन इंसानियत, एकजुटता और समाजसेवा की भावना की एक सराहनीय मिसाल बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *