अपना जिला

UPI भुगतान पर MDR चार्ज के विरोध में मऊ में व्यापारियों का प्रदर्शन, थाली-चम्मच बजाकर जताया विरोध

मऊ। UPI भुगतान पर 15 अक्टूबर से प्रस्तावित 0.04 प्रतिशत MDR चार्ज के विरोध में समाजवादी व्यापार सभा ने सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को मऊ शहर में प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष शिवम कुमार सोनी के नेतृत्व में सहादतपुरा से रोडवेज तक निकाले गए विरोध प्रदर्शन में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैनर-तख्तियां लेकर तथा थाली-चम्मच बजाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

समाजवादी व्यापार सभा ने प्रस्तावित चार्ज से छोटे और मझोले व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की आशंका जताते हुए केंद्र सरकार से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की। संगठन ने कहा कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था को सरल, सुलभ और किफायती बनाए रखना व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं के हित में है।

प्रदर्शन के दौरान समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की नीतियों से बड़े कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंच रहा है, जबकि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले छोटे और मझोले व्यापारी लगातार बंदिशों और आर्थिक बोझ का सामना कर रहे हैं।

प्रदेश सचिव राजेश गुप्ता ने कहा कि व्यापारी समाज ऐसी नीतियों को बर्दाश्त नहीं करेगा, जिनसे उसके हित प्रभावित हों। उन्होंने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा हमेशा व्यापारियों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है।

उमेश यादव ने कहा कि छोटे दुकानदारों, खुदरा व्यापारियों और आम कारोबारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए डिजिटल भुगतान व्यवस्था को किफायती बनाए रखना जरूरी है। व्यापारियों से जुड़े किसी भी निर्णय से पहले व्यापारिक संगठनों और संबंधित पक्षों से संवाद किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया और केंद्र सरकार से प्रस्तावित MDR चार्ज पर पुनर्विचार करने की मांग की।

प्रदर्शन में विधानसभा अध्यक्ष रामप्रकाश यादव, व्यापार सभा विधानसभा अध्यक्ष मनीष साहू, जिला महासचिव अंकित मद्धेशिया, नगर सचिव वेद प्रकाश सोनकर, मनोज यादव, संजय गुप्ता, अभय गुप्ता, धनजी मद्धेशिया, शुभम मद्धेशिया, परवेज अहमद, अशोक कुमार, कयूम खां, अफरोज, मजनू, कमरूल इस्लाम, अख्तर आलम सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *