केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर मऊ में होंगे जनकल्याणकारी कार्यक्रम, प्रभारी मंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
मऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनपद के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास एवं सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। सरकार की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश वर्ष 2029 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर “सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं सम्मान” की भावना के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में कार्यक्रमों की तिथिवार समीक्षा करते हुए बताया गया कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रदेशभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 8 से 14 जून तक जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान, 11 से 14 जून तक मीडिया संवाद कार्यक्रम, 14 से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले तथा 16 व 17 जून को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त 17 से 20 जून तक केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी, 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाएं तथा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में ज़िलाधिकारी आनंद वर्धन ने बताया कि सभी कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी कार्यक्रम शासन की मंशा के अनुरूप सफलतापूर्वक संपन्न कराए जाएंगे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा ज़िलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

