पुण्य स्मरण

राष्ट्रीय युवा दिवस पर तिनसुकिया में स्वामी विवेकानंद जयंती श्रद्धा और उत्साह से संपन्न

०छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश

 

विद्यालय परिसरों से लेकर सार्वजनिक चौराहों तक गूंजा ‘उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्त करो’ का संदेश

📍 

तिनसुकिया (असम)  राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर तिनसुकिया शहर में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों द्वारा श्रद्धा, उत्साह और प्रेरणादायक वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति चेतना जगाने वाले कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

हिंदी इंग्लिश हाई स्कूल एवं हिंदी प्राइमरी स्कूल, तिनसुकिया द्वारा 12 जनवरी को संयुक्त रूप से स्वामी विवेकानंद जयंती समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वामी विवेकानंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर हिंदी प्राइमरी स्कूल की प्रिंसिपल डॉ. निशा नंदिनी गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद जी का प्रेरणादायक संदेश—

“उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए”— साझा किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति मानते थे और उनका जीवन आत्मविश्वास, परिश्रम, चरित्र निर्माण एवं मानव सेवा का अनुपम उदाहरण है।

इसी क्रम में विवेकानंद केंद्रीय विद्यालय, तिनसुकिया द्वारा युवा दिवस के अवसर पर शहर के तिनसुकिया थाना के समीप स्थित चौराहे पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को शिक्षा, संस्कार और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।

नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर रुके और स्वामी विवेकानंद जी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस कार्यक्रम में भी डॉ. निशा नंदिनी भारतीय मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद जी के विचारों, युवाओं के प्रति उनके दृष्टिकोण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

समारोह के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित नागरिकों ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा देश के विकास में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *