शोक संदेश

मऊ की सरज़मीं से देश-विदेश तक नूरानी तेल की पहचान बनाने वाले उद्योगपति और पूर्व सपा लोकसभा प्रत्याशी के निधन से शोक

मऊ। मऊ के मूल निवासी, प्रसिद्ध उद्योगपति एवं नूरानी तेल के मालिक तथा घोसी लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी मोहम्मद अजमल नूरानी के इंतक़ाल की खबर से मऊ सहित उनके परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मोहम्मद अजमल नूरानी ने अपने कारोबार की शुरुआत प्रयागराज के नैनी से की और नूरानी तेल को एक प्रतिष्ठित पहचान दिलाई। नूरानी तेल की ख्याति धीरे-धीरे देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों तक पहुंची। उन्होंने नूरानी तेल के अलावा कई आयुर्वेदिक उत्पादों के निर्माण और कारोबार को भी विस्तार दिया तथा उद्योग जगत में अपनी अलग पहचान कायम की।

अजमल नूरानी केवल सफल कारोबारी और उद्योगपति ही नहीं थे, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी सक्रियता रही। घोसी लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर उन्होंने मऊ की सियासत में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। चुनाव के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए रखी, लेकिन मऊ से उनका रिश्ता कभी खत्म नहीं हुआ।

व्यवसाय और उद्योग को प्रयागराज में स्थापित करने के बावजूद वे मऊ की अपनी मिट्टी और पुराने साथियों से लगातार जुड़े रहे। अपने समकालीन लोगों से संपर्क बनाए रखना और मऊ से आत्मीय रिश्ता कायम रखना उनकी खास पहचान रही।

उनके निधन पर लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मऊ ने एक कामयाब उद्योगपति के साथ-साथ एक मिलनसार, सामाजिक और हर दिल अज़ीज़ शख्सियत को खो दिया है। उनके कारोबारी सफर, सामाजिक जुड़ाव और मऊ से उनके आत्मीय रिश्ते को लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।

अजमल नूरानी के इंतक़ाल पर परिजनों, शुभचिंतकों और उनके चाहने वालों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें पुरदर्द ख़िराज-ए-अक़ीदत पेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *