अपना जिला

मऊ के पॉश इलाके में कूड़ा डंप से जनता बेहाल, AAP का कड़ा ऐलान—मंत्री A.K. शर्मा के नाम सौंपा ज्ञापन

० सब्ज़ी मंडी के पास गंदगी से जनस्वास्थ्य पर खतरा, कूड़ा डंप हटाने और साइकिल स्टैंड निर्माण की मांग

मऊ। आम आदमी पार्टी मऊ द्वारा चलाए जा रहे जनहित निरीक्षण अभियान के तहत ज़िला अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने शहर के पॉश एवं प्रमुख इलाके आज़मगढ़ मोड़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सब्ज़ी मंडी से सटे कूड़ा डंप की बदहाल स्थिति सामने आई, जिस पर उन्होंने नगरपालिका प्रशासन की कड़ी आलोचना की।

ज़िला अध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि आज़मगढ़ मोड़ मऊ शहर की पहचान और सबसे विकसित इलाकों में से एक है, लेकिन सब्ज़ी मंडी के ठीक बगल में बना कूड़ा डंप नगरपालिका की गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था को उजागर करता है। कूड़े से उठती दुर्गंध, गंदगी और कीट-मक्खियों के कारण सब्ज़ी खरीदने आने वाली जनता को भारी परेशानी हो रही है और जनस्वास्थ्य पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह कूड़ा डंप जनता के टैक्स के पैसे से बनाया गया है, लेकिन इसके स्थान चयन और संचालन में जनहित की पूरी तरह अनदेखी की गई। भले ही इसकी लागत की जानकारी सार्वजनिक न हो, लेकिन मौजूदा हालात यह दर्शाते हैं कि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

विक्रम जीत सिंह ने यह भी कहा कि मऊ नगर में साइकिल स्टैंड जैसी बुनियादी सुविधा का भारी अभाव है। यदि इस कूड़ा डंप को यहां से हटाया जाए, तो उसी स्थान पर साइकिल स्टैंड बनाकर आम नागरिकों को बड़ी राहत दी जा सकती है, लेकिन नगर पालिका इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं कर रही।

इस गंभीर जनसमस्या को लेकर आम आदमी पार्टी मऊ द्वारा नगरपालिका अधिकारियों को नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा  के नाम कड़ा ज्ञापन पालिका अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कूड़ा डंप को तत्काल हटाने, जनधन के उपयोग की जांच कराने और साइकिल स्टैंड निर्माण की मांग प्रमुख रूप से रखी गई।

ज़िला अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आम आदमी पार्टी जनता के साथ मिलकर पहले भूख हड़ताल और फिर आमरण अनशन तक आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन और शासन की होगी।

इस अवसर पर रीता भारती, संजीव सिंह, अंकुर यादव, एके सहाय, सुशील वर्मा, मनोज कुमार, अविनाश कुमार, विशाल पाण्डेय, इकबाल अहमद सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *