हॉलमार्किंग शुल्क में 70% बढ़ोतरी का विरोध, सर्राफा कारोबारियों ने दी देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
मऊ। ज्वेलरी पर हॉलमार्किंग शुल्क में करीब 70 प्रतिशत बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में सर्राफा कारोबारियों में नाराजगी है। सर्राफा सेवा समिति एवं ऑल इंडिया ज्वैलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मनीष सर्राफ ने शुल्क वृद्धि का विरोध करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।
मनीष सर्राफ ने कहा कि हॉलमार्किंग शुल्क में इतनी बड़ी वृद्धि से ज्वेलरी कारोबार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिसका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार उपभोक्ताओं के हित में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर हॉलमार्किंग शुल्क में वृद्धि से कारोबारियों और ग्राहकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ने की आशंका है।
उन्होंने केंद्र सरकार से हॉलमार्किंग शुल्क में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शुल्क वृद्धि वापस नहीं ली गई तो इसके विरोध में देशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।
बैठक में मौजूद सर्राफा कारोबारियों ने भी हॉलमार्किंग शुल्क को निःशुल्क किए जाने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना था कि हॉलमार्किंग व्यवस्था का लाभ उपभोक्ताओं को बिना अतिरिक्त आर्थिक बोझ के मिलना चाहिए।
सर्राफा कारोबारियों ने केंद्र सरकार से मामले में शीघ्र निर्णय लेकर शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग की।


