राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘अक्षय दीप’ स्मृति ग्रंथ का किया विमोचन
लखनऊ। प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने आज राजभवन, लखनऊ में विशेष सचिव, राज्यपाल श्री श्रीप्रकाश गुप्ता द्वारा अपने पिता स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता की स्मृति में रचित ‘अक्षय दीप’ स्मृति ग्रंथ का विमोचन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने श्री श्रीप्रकाश गुप्ता एवं उनके परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्मृति ग्रंथ किसी व्यक्तित्व के जीवन, विचारों, संस्कारों और सामाजिक सरोकारों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि ‘अक्षय दीप’ एक आदर्श शिक्षक एवं पिता के जीवन-मूल्यों, संस्कारों और स्नेह की ऐसी विरासत है, जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
स्मृति ग्रंथ में स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता के शिक्षक, पिता और संस्कारवान व्यक्तित्व को संस्मरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। इसमें उनके अनुशासन, समयबद्धता, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा, विद्यार्थियों के प्रति आत्मीयता तथा शिक्षा एवं चरित्र निर्माण के प्रति समर्पण को प्रमुखता से रेखांकित किया गया है।
एक शिक्षक के रूप में उन्होंने विद्यार्थियों के ज्ञान-वर्धन के साथ उनके जीवन-मूल्यों को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उनकी सरल शिक्षण शैली, व्यवहार-कुशलता और विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति सजगता ने उन्हें शिष्यों के बीच विशेष सम्मान दिलाया।
ग्रंथ में श्री श्रीप्रकाश गुप्ता की बचपन की आत्मीय स्मृतियों के साथ उनके मित्रों, सहकर्मियों, शिष्यों एवं परिजनों के संस्मरण भी संकलित हैं, जिनके माध्यम से स्वर्गीय ब्रजनारायण गुप्ता के जीवन, व्यक्तित्व और तत्कालीन शैक्षिक परिवेश की झलक मिलती है।
इस अवसर पर स्मृति ग्रंथ के लेखक एवं विशेष सचिव, राज्यपाल श्री श्रीप्रकाश गुप्ता, उनकी पत्नी एवं पुत्री उपस्थित रहीं।



