घोसी में लगा राजनीति का महाकुंभ, वीआईपी लगा रहे डुबकी, जनता चुप!
@आनन्द कुमार…
मऊ। अलगू राय शास्त्री, जय बहादुर सिंह, झारखंडे राय, कल्पनाथ राय के राजनीति की धरती घोसी इन दोनों राष्ट्रीय फलक पर चर्चा में है। चर्चा का कारण ये दिवंगत आत्माएं नहीं है बल्कि वर्तमान में जाति-धर्म में उलझी राजनीति का परिदृश्य है। घोसी की धरती पर राजनीति का महाकुंभ लगा हुआ है, यहां जनता जनार्दन के बीच वीआईपी नेता रोज डुबकी लगा रहे हैं!
वे जनता के बीच में जाकर अपने-अपने राजनीतिक दल और मिजाज के हिसाब से फायदे और नुकसान समझा रहे हैं। सत्ता पक्ष के लोग विपक्ष के भूमिकाओं पर सवाल उठा रहे हैं, तो विपक्ष के लोग सत्ता पक्ष के विफलताओं की गिनती गिनाते हुए लाभ और हानि समझा रहे हैं। घोसी की जनता के बीच देश और प्रदेश के वीवीआईपी नेता रोज आ और जा रहे हैं और जनता जनार्दन के बीच गांव, कस्बे, चट्टी चौराहे पर उनके समर्थन और वोट पाने के लिए डुबकी लगा रहे हैं। लेकिन जनता है कि हां में हां मिलाते हुए कुटिल मुस्कान के अलावा कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।
और नेताओं के साथ चल रहे उनके-उनके दल के समर्थक अपने नेता, दल और प्रत्याशी के जिंदाबाद का इतना जोश के साथ जयद्योष कर रहे हैं कि साथ घुम रहे जनप्रतिनिधि को अपने-अपने दल का चेहरा विजयी होता दिख रहा है। लेकिन सत्य यही है कि जनता किसके सिर जीत का सेहरा बांध रही है यह समझ पाना टेढ़ी खीर है।
वीआईपी सत्ता पक्ष का हो या विपक्ष का समझ तो वह सब रहा है लेकिन पार्टी धर्म के आगे सिर्फ और सिर्फ अपनी जीत पक्की मान रही है।
घोसी के गढ़ में प्रत्याशी तो कई हैं, लेकिन भाजपा के दारा सिंह चौहान व सपा के सुधाकर सिंह के बीच ही आर पार की लड़ाई है, बाकि प्रत्याशी तो इन दो प्रमुख प्रत्याशी के जीत हार का कारण बन सकते हैं!
समाजवादी पार्टी ने जैसे ही अपने प्रत्याशी सुधाकर सिंह के टिकट का ऐलान करते हुए सपा के स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, इसे भाजपा ने गंभीरता से लिया और दारा सिंह चौहान के नामांकन के दिन ही डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, एके शर्मा, गिरीश यादव, दानिश आजाद सुभासपा के ओमप्रकाश राजभर, निषाद पार्टी संजय निषाद, अपना दल के आशीष पटेल, सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने पंहुच दारा सिंह चौहान के पक्ष में प्रचार कर चुके हैं और कुछ अब भी कर रहे हैं ।
इसके अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, सूर्य प्रताप शाही विधायक पंकज सिंह, अनिल राजभर, स्वतंत्र देव सिंह, विजय लक्ष्मी गौतम, अनिल राजभर, सहजानंद राय आकर मऊ जनपद में कार्यकर्ताओं व जनता के बीच जाकर अपनी बात रख चुके हैं। इसमें कई वीआईपी तो कई बार आ चुके हैं। वहीं 27 अगस्त को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य सहित कई चेहरों के आने की सूचना है।
वहीं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के समर्थन में प्रोफ़ेसर रामगेपाल यादव, नरेश उत्तम पटेल, शिवपाल यादव, काजल निषाद, राजीव राय, राजपाल कश्यप, जूही सिंह, रिबू श्रीवास्तव आ कर सुधाकर सिंह के लिए लग गए हैं। वहीं 12 वर्ष का नन्हा स्टार प्रचारक नवरत्न यादव महराजगंज से आया हुआ । इस समय नवरत्न का वीडियो सबसे ज़्यादा वायरल हो रहा है ।
मुख्यमंत्री योगी व सपा मुखिया अखिलेश आ रहे हैं या नहीं चर्चा का विषय…
इसके अलावा जनता के बीच यह भी चर्चा है कि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के लिए तथा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अपनी पार्टी के प्रत्याशी सुधाकर सिंह के प्रचार के लिए जनता की अदालत में वोट माँगने आ रहे हैं या नहीं, या आएँगे तो कब! यह चर्चा का विषय बना हुआ है।

