राष्ट्रीय बीज विज्ञान संस्थान में किसान मेले का आयोजन
🌾 #उत्तम_बीज_समृद्ध_किसान : मऊ में दो दिवसीय किसान मेले का भव्य शुभारंभ
मऊ (उत्तर प्रदेश), 13 मार्च 2026। भा.कृ.अनु.प. के अंतर्गत राष्ट्रीय बीज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान, कुशमौर (मऊ) में शुक्रवार को “उत्तम बीज – समृद्ध किसान” विषय पर दो दिवसीय वृहद किसान मेले का भव्य शुभारंभ हुआ। इस मेले में पूर्वांचल के हजारों किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत बीजों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा तथा विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय विश्वविद्यालय झारखंड के कुलाधिपति डॉ. जे.पी. लाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक डॉ. अ. आनंदन ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम, आईसीएआर गीत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अजय कुमार ने अतिथियों एवं किसानों का स्वागत करते हुए किसान मेले के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
🌱 कृषि में नवाचार और विविधीकरण पर जोर
विशिष्ट अतिथि डॉ. जे.पी. लाल ने अपने संबोधन में कहा कि कृषि क्षेत्र में वैज्ञानिकों के प्रयासों से खाद्यान्न उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने युवाओं को फसल विविधीकरण, एकीकृत खेती और जलवायु अनुकूल कृषि अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए जैव उर्वरकों के उपयोग पर भी बल दिया।
⚡ कृषि को व्यवसाय बनाएं किसान – अरविन्द कुमार शर्मा
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री अरविन्द कुमार शर्मा ने कहा कि पूर्वांचल में कृषि विकास की अपार संभावनाएं हैं। किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी रखनी चाहिए और युवा किसान कृषि को व्यवसाय के रूप में अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने किसानों को सोलर संयंत्र और बायोगैस प्लांट लगाकर ऊर्जा उत्पादन से अतिरिक्त आय अर्जित करने के लिए भी प्रेरित किया।
🌾 संस्थान की उपलब्धियों पर प्रकाश
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक डॉ. अ. आनंदन ने उन्नत बीजों के उत्पादन और कृषि विकास के लिए संस्थान द्वारा किए जा रहे शोध, प्रसार और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी तथा पूर्वांचल में कृषि उन्नति के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई।
🏆 प्रगतिशील किसानों को किया गया सम्मानित
मेले के दौरान क्षेत्र के पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया। इनमें श्रीमती उर्मिला देवी, श्रीमती प्रेमा सिंह, श्री धीरेन्द्र नाथ सिंह, श्री विजय मल यादव और श्री श्रवण सिंह शामिल हैं।
🧑🌾 3500 किसानों की सहभागिता, 46 स्टॉल आकर्षण का केंद्र
किसान मेले में 46 सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां किसानों को नई तकनीक, उन्नत बीज, कृषि यंत्र और योजनाओं की जानकारी दी गई।
मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर और वाराणसी जिलों से आए लगभग 3500 किसानों ने मेले में भाग लिया।
कार्यक्रम का सुगम संचालन वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. कल्याणी कुमारी ने किया, जबकि मेले के संयोजक प्रधान वैज्ञानिक डॉ. अंजनी कुमार सिंह ने सभी अतिथियों और किसानों के प्रति आभार व्यक्त किया।


