मिसाल-ए-मऊ

मऊ के ट्रक ड्राइवर का बेटा मंगेश यादव 5.20 करोड़ रुपए की बोली में हुए IPL में चयन

@ आनन्द कुमार…

मऊ के ही रवि सिंह का चयन आईपीएल में जहां एक करोड़ रूपए के अंदर की बोली से हुआ है वहीं घोसी के मंगेश यादव की बोली पांच करोड़ रुपए से ऊपर लगी और उनका चयन IPL 2026 में हो गया। ट्रक ड्राइवर के बेटे के इस कामयाबी पर जहां पूरे मऊ जनपद को नाज है वहीं किराए पर मध्य प्रदेश में रह रहे परिजनों व पड़ोसी ख़ुशियों से लबरेज़ हैं।

मंगेश यादव को CB ने 5.20 करोड़ रुपए की बोली लगाकर ख़रीदा है।

मूल रूप से मऊ जनपद के घोसी क्षेत्र कैथवली जमीन कैथवली ग्राम सभा निवासी व मध्य प्रदेश में ट्रक चालक रामअवध यादव 24 वर्षों से ट्रक की ड्राइविंग कर रहे हैं वे वर्तमान में एक टेक्सटाइल कंपनी में गाड़ी चलाते हैं। वे वर्तमान में ग्राम बोरगांव जिला पांडूरना, मध्य प्रदेश धर्मपत्नी रीता यादव व अपनी तीन बेटियां पायल, प्रिया व काजल के साथ वहीं किराए पर रहते हैं। मंगेश तीन बहनों में सबसे बड़ा है। 24 वर्षीय मंगेश बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज़ हैं।  IPL 2026 की नीलामी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने ₹5.20 करोड़ में टीम में शामिल किया।

उनकी नीलामी भारत से दूर अबू धाबी में हुई, जिसमें RCB ने सबसे पहले बोली शुरू की। सनराइजर्स हैदराबाद भी दौड़ में शामिल हुई। बोली तेजी से बढ़ी और अंत में RCB ने 5.20 करोड़ रुपये में मंगेश यादव को अपने नाम कर लिया।

मंगेश यादव ने MP T20 लीग में ग्वालियर चीता टीम के लिए 21 ओवर में 14 विकेट लेकर टॉप विकेट-टेकर का खिताब जीता। उन्होंने तीन बार चार विकेट भी लिए, जिसमें 3 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट लेना सबसे खास प्रदर्शन रहा।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने सुपर लीग के 2 मैचों में 3 विकेट लिए और 12 गेंदों में 28 रन की पारी खेली।

साधारण परिवार में जन्मे उनके पिता रोज़ी रोटी की तलाश में जब मध्य प्रदेश गए तो वहीं ट्रक ड्राइवर की नौकरी कर ली। पारिवारिक आर्थिक स्थिति बहुत अच्छा नहीं और बेटे का क्रिकेट के प्रति जुनून देख उन्होंने कभी भी उसे निराश नहीं होने दिया। वे मंगेश की हर ज़रूरतों को पूरा करने के लिए बख़ूबी मेहनत करते रहे।

मंगेश को माँ और बहनों सहित दोस्तों और कोच का सपोर्ट भी मिलता रहा।

मध्य प्रदेश से पिता रामअवध यादव ने अपना मऊ टीम से बात करते हुए कहा यह उनके लिए ख़ुशियों का क्षण है। भावुक होकर वे कहते हैं इसी दिन का इंतज़ार कर रहे थे। आज बेटे ने अपनी लगन, परिश्रम व जुनून से कामयाबी हासिल की है। 

उन्होंने कहा कि वे बेटे की सफलता पर अपने पैतृक जिला मऊ के सभी लोगों को बधाई देते हैं और सभी से आशीर्वाद की कामना करते हैं। 

परिवार के दादा महिलाएँ बच्चे खुश…

वहीं मंगेश के गांव मऊ जनपद के घोसी क्षेत्र कैथवली जमीन कैथवली में उनके परिवार के लोगों में काफ़ी खुशी है। परिवार के दादा मखनू यादव कहते हैं वे बहुत खुश है। परिवार की महिलाओं के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा सकती है।

अमरेंद्र प्रताप राजभर ग्राम प्रधान

प्रधान ने कहा मंगेश यादव का पूरा गांव करेगा स्वागत

कैथवली जमीन कैथवली ग्राम सभा के प्रधान अमरेन्द्र प्रताप राजभर कहते हैं गांव के बेटे ने गांव सहित मऊ जनपद का नाम रोशन किया है यह पूरे गांव के लोगों के लिए मिसाल है। उन्होंने कहा की मंगेश गांव आएँगे तो उनका जमकर स्वागत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *