बगैर अनुमति सपा मुख्यालय में भीड़ जुटने पर थाना प्रभारी सस्पेंड

■ कोरोना गाइडलाइंस के उल्लंघन में, एसीपी व एसडीएम से मांगा स्पष्टीेकरण,
लखनऊ। स्वामी प्रसाद मौर्या के सपा ज्वाइनिंग कार्यक्रम में कोविड गाइडलाइंस के उल्लंघन को लेकर हुई एफआईआर के बाद गौतमपल्ली थाने के एसएचओ दिनेश सिंह बिष्ट को सस्पेंड कर दिया गया है।
सपा मुख्यालय में बगैर इजाज़त भीड़ जुटने, कोरोना नियमों के पालन न होने पर चुनाव आयोग ने हजरतगंज के एसीपी और एसडीएम से भी स्पष्टीकरण मांगा है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, मंत्री धर्म सिंह सैनी, भाजपा विधायक भगवती सागर, विनय शाक्य, रोशन लाल वर्मा, डॉक्टर मुकेश वर्मा, बृजेश प्रजापति और अपना दल विधायक अमर सिंह चौधरी समेत कई पूर्व विधायकों के सपा ज्वाइनिंग कार्यक्रम में भारी भीड़ जुटने पर एफआईआर दर्ज हो गई है। इस कार्यक्रम में मंच पर अखिलेश यादव भी मौजूद थे। जबकि अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि वे कार्यालय जैसे ही आए उन्हें सूचना मिली की कोई नोटिस चस्पा की गई है।
