इनरव्हील क्लब मऊ ने वृद्धाश्रम में मनाई खुशियां, बुजुर्गों संग बिताए यादगार पल
मऊ। इनरव्हील क्लब मऊ की ओर से गुरुवार, 30 जुलाई को शहर से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थित एक वृद्धाश्रम में सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब की सदस्याओं ने वृद्धजनों के साथ समय बिताया, उन्हें फूल, फल, भोजन, दवाइयां तथा दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की।
इस अवसर पर वृद्धजनों के लिए निःशुल्क दंत परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें उनके दांतों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। साथ ही उन्हें टूथब्रश, टूथपेस्ट एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
वृद्धाश्रम में सदस्याओं ने बुजुर्गों के साथ केक काटकर खुशियां साझा कीं और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास किया। क्लब की महिलाएं अपने घरों से पूरी, सब्जी, हलवा और मिठाई बनाकर लाई थीं। सभी ने अपने हाथों से प्रेमपूर्वक भोजन परोसकर वृद्धजनों को भोजन कराया, जिससे पूरे वातावरण में अपनापन और स्नेह का भाव देखने को मिला।
क्लब की सदस्याओं ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके साथ कुछ पल बिताना, उनका सम्मान करना और उनकी भावनाओं को समझना ही सच्ची सेवा है। छोटी-सी मुलाकात और अपनापन भी उनके जीवन में नई खुशी का संचार कर सकता है।
कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष ज्योति सिंह, कोषाध्यक्ष कीर्ति अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष मीना अग्रवाल, कुसुम वर्मा, सुनीता खंडेलवाल, शिल्पी, प्रियंका, निवेदिता, शिवा, गुंजन एवं मीता जालान सहित सभी सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कई सदस्याओं ने इस सेवा कार्य में विशेष योगदान देते हुए अपना समय वृद्धजनों के साथ व्यतीत किया।




