विधानसभा चुनाव 2022

अशोक के आंसू और मंजू के आंचल फ़ैलाकर जनता से पति के हत्यारों के प्रति न्याय मांगने की चर्चा

@ आनन्द कुमार…

मऊ। खबर कल की है लेकिन शहर में चर्चा आज तेज हो रही है। बुधवार को जब मऊ के सोनी धापा इण्टर कालेज के मैदान में मंच पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी जनसभा में मौजूद थे। और अपनी बात कहने के लिए संचालक गणेश सिंह ने मऊ सदर के भाजपा प्रत्याशी अशोक सिंह को आवाज दी तो अशोक सिंह अपनी बात जनता जनार्दन से कहते कहते भावुक हो गये। उन्होंने कहा आज मेरे भाई अजय प्रकाश सिंह उर्फ मन्ना सिंह की हत्या हुए 13 वर्ष बीत गया। हत्यारोपित मोख्तार अंसारी ने मेरे परिवार का सुख चैन ही नहीं मऊ के विकास को भी छीना है। वे बोले भाई मन्ना सिंह की हत्या के बाद उनके परिजन होली नहीं मनाए हैं। मैं और मेरी भाभी, बड़े भाई स्व. मन्ना सिंह की धर्मपत्नी श्रीमती मंजू सिंह आज भी इस आताताई को सजा और मऊ से मुक्ति का राह तक रहे हैं। अपनी बात कहते कहते अशोक सिंह की आंखें भर्रा गई वे रोने लगी। मंच पर मौजूद मन्ना सिंह की धर्मपत्नी मंजू सिंह को जनता से रूबरू कराने के लिए किसी ने खड़े होने का इशारा किया। वे भी रो पड़ी, भीड़ में सभी इस दृश्य को देख भावुक हो गये। मंजू सिंह ने आंचल फैलाकर जनता से सदर सीट (मऊ) से मोख्तार व उनके पुत्र को मुक्ति दिलाने के लिए भीड़ से बिन कहे गुहार लगाई। सामने मौजूद महिलाएं इस दृश्य को देख भावुक हो उठी। मंजू सिंह का आंचल फैलाकर लोगों से अपने पति के हत्यारों से मऊ को मुक्त करने का भावनात्मक अपील बिना कुछ बोले बिना कुछ कहे बहुत कुछ कह दिया। वहीं भीड़ के झुण्ड में एक तरफ मंजू सिंह को सिसकते देखा तो बहुतेरे पूछने लगे कि अरे यह महिला रो रही है आखिर कौन है। तो भीड़ से ही किसी की आवाज आई कि यह वही महिला है जो 13 वर्ष से हर दिन हर रात बस एक यही सपना देख रही है कि उनके पति अजय प्रकाश सिंह उर्फ मन्ना सिंह की हत्या और उनके हत्या में गवाह राम सिंह मौर्या व सिपाही सतीश कुमार की हत्या के आरोपी मुख्तार अंसारी और उनके गुर्गो से कब मऊ मुक्त होगा और इन्हें सजा कब मिलेगी। मंच पर रो रही मंजू सिंह की आंखों में आंसू देख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी भावुक हो गये और उन्होंने जब अपनी बात कही तो यह कह ही दिया, कि किसी बहन और बेटी को ऐसी ज़िन्दगी न देखनी पड़े। मऊ वालों कुछ ऐसा करिए।
मुख्यमंत्री की मऊ की जनसभा से उड़न खटोला उड़े 24 घंटे से ज्यादा का समय हो गया है लेकिन अशोक सिंह के आंसू और मंजू सिंह के आंचल की सिसकियां रफ्ता-रफ्ता मऊ सदर विधानसभा क्षेत्र सहित घोसी, मधुबन व मुहम्मदाबाद गोहना के अवाम के बीच पंहुच गई हैं। मंजू सिंह व अशोक सिंह की ये दर्द और ये सिसकियां जनता के दिलों में तो पैठ कर गई है। लोग घर के अंदर और सार्वजनिक स्थानों पर इस आसूं और आंचल फैलाकर न्याय की गुहार पर चर्चा कर रहे हैं‌। कोई संवेदना व्यक्त कर रहा है तो कोई कह रहा काश जनता के यूंही तक यह सिसकियां उतर जाती। खैर अशोक सिंह के समर्थन में यह दर्द और वेदना वोट में तब्दील होगी या नहीं यह तो आने वाले सात मार्च के मतदान के बाद, 10 मार्च के परिणाम के दिन ही पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *