विधानसभा चुनाव 2022

अखिलेश बाबू के चश्मे में दो शीशा है एक से एक ही जाति और दूसरे से सिर्फ एक ही धर्म दिखाई देता : शाह

रानीपुर/मऊ। मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र के रानीपुर विकास खण्ड के जनता पीजी कालेज के मैदान में वृहस्पतिवार को भारत सरकार के गृहमंत्री अमित शाह ने एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने राजा नहुष, मां सीता, मां वनदेवी की धरती व राम और परशुराम के मिलन की पवित्र भूमि दोहरीघाट को प्रणाम करते हुए अपने बात की शुरुआत की। उन्होंने मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्रीमती पूनम सरोज के पक्ष में उमड़े जन सैलाब से समर्थन मांगा तथा 7 मार्च वोट करने की अपील कर योगी जी को दुबारा मुख्यमंत्री बनाने की अपील की।
उन्होंने जनता से पूछा कि मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद व आजम खान को कंधे पर चढ़ाने वाला अखिलेश का शासन चाहिए या कश्मीर को भारत का अंग बनाने वाला शासन चाहिए।

श्री शाह ने कहा कि यही जिला है, यही भूमि है, यही पूर्वांचल है, जहां कृष्णानंद राय की हत्या हुई थी। हत्यारे खुली जीप पर एके 47 लेकर घूम रहे थे। मैं पूछता हूं बताओ अतीक, मुख्तार व आजम कहां है। योगी सरकार ने माफियाओं को चुन चुन कर समाप्त किया है। अगर आपने गलती से साइकिल की सवारी की तो ये जेल से बाहर आ जाएंगे। अगर उनको आप जेल में रखना है तो भाजपा की सरकार बनानी होगी। योगी के राज में डकैती, दंगे, हत्या जैसे जघन्य अपराध पर कितना काबू है आप सभी जानते हैं।
उन्होंने तंज कहते हुए कहा कि अखिलेश बाबू आपके समय में मऊ में कर्फ्यू लगा था। यहां दंगे होते थे। कहा कि एक बार और भाजपा को जीता दो पांच साल क्या, दस साल तक दंगे नहीं होंगे। 70 साल तक गरीबों के लिए कुछ नहीं हुआ, बिजली रानी आती थी क्या, अब 24 घंटा बिजली भाजपा सरकार में मिलती है। उन्होंने भाजपा सरकार के महत्वाकांक्षी योजनाओं और उससे जनता को मिले लाभ को आंकड़ों सहित बताया।
श्री शाह ने कहा कि कोविड टीका बनाने पर मोदी जी ने वैज्ञानिकों को ट्वीट करके धन्यवाद दिया। और अखिलेश यादव ने ट्वीट किया यह मोदी का टीका है मत लिजिए फंस जाएंगे। फिर 10 दिन के ही अंदर डर कर रात के अंधेरे में अखिलेश यादव खुद टीका लगवाएं। श्री शाह ने कहा कि अब बताओ मुझे मुहम्मदाबाद गोहना वालों अगर अखिलेश की मान कर टीका नहीं लगाते तो क्या तीसरी लहर में सलामत रह पाते क्या। ऐसे नेता को सरकार में आने का कोई हक नहीं है। जो गरीबों के जान के बदले राजनीति करें। श्री शाह ने कहा मित्रों ये अखिलेश बाबू के चश्में में दो कांच लगा है। एक कांच में एक ही जाति दिखाई पड़ती है और दूसरे कांच में एक ही धर्म दिखाई पड़ता है। मैं आप से पूछना चाहता हूं आप उस धर्म में आते हो क्या आप उस जाति में आते हो क्या। तो आपका भला अखिलेश यादव की सरकार नहीं कर सकती है। आप सबका विकास, सबका साथ सबका विकास करने वाली मोदी सरकार ही कर सकती है।


आप बताइए कश्मीर हमारा है या नहीं है। 70 साल तक कांग्रेस, सपा, बसपा धारा 370 पर बच्चे की तरह गोदी में बैठाए थे। मोदी जी ने धारा 370 समाप्त कर दिया और हमेशा के लिए भारत को कश्मीर से जोड़ने का काम किया। धारा 370 जब हट रही थी तो अखिलेश बाबू खड़े होकर कहे थे की धारा 370 मत हटाओ देश में खून की नदियां बह जाएंगी। अरे अखिलेश बाबू किसको डराते हो हम डरने वालों में नहीं हैं। अखिलेश बाबू धारा 370 हट गई खून की नदियां छोड़ो किसी की कंकड़ चलाने तक की हिम्मत नहीं हुई।

चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुहम्मदाबाद गोहना की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती पूनम सरोज ने कहा कि आप लोगन के प्रणाम करत बानी। आप लोगों ने जो स्नेह, प्यार, अनुराग और अपनेपन का अहसास कराया है। इससे मैं अभिभूत हूं। ये जन सैलाब मुहम्मदाबाद गोहना में भाजपा के ऐतिहासिक विजय का शंखनाद है। आप लोगों के आशीर्वाद को देखकर हम कह सकते हैं, 10 मार्च को क्या रिजल्ट आने वाला है। आप बताइए बताने की जरूरत है क्या। 10 मार्च के बाद जब भाजपा सरकार आएगी, तब होली और दीपावली पर एक-एक मुफ्त गैस सिलिंडर मिलेगा। इतनी ही नहीं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब परिवार की बेटियों को एक लाख रुपये तक की मदद की जाएगी। 60 साल से उपर की महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं मेधावी छात्राओं को मुफ्त स्कूटी भी मिलेगा। आपने देखा होगा, इस चुनाव में सबसे बड़ा मुद्दा क्या था- वो था कानून व्यवस्था का। जहां भी मीडिया वाले जाते थे और माइक लगाकर पूछते थे- आपने वोट करने से पहले क्या सोचकर वोट करेंगे। सबके एक ही आवाज में कहते हैं- वो है सुरक्षा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनाव हुआ- आपने देखा होगा-वहां के लोग क्या कह रहे थे। आज जब पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ चुनाव हो रहा है‌। तब भी लोग क्या कह रहे हैं। सब एक ही बात कह रहे- हमें योगी जी की सुरक्षा मिली। बेटी हो या व्यापारी, चाहे कितनी भी रात हो जाए, कहीं से आये,कहीं भी जाए। कोई दिक्कत नहीं। कोई परेशानी नहीं। ये संभव हुआ योगी जी के जीरो टॉलरेंस नीति से। योगी जी जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं।
श्रीमती सरोज ने कहा कि आप को याद होगा, 2017 से पहले जो सरकार थी, वो हर काम जात-पात के आधार पर का करती थी। गरीब अपने हक के लिए तरसते रह जाता था। बिचौलिए उनका हक मार लेते थे। लेकिन ये खेल अब बंद हो गया है।
इसलिए आने वाले 7 मार्च को कमल का बटन दबाकर अपनी इस बहू को जीत का आशीर्वाद दीजिये।
सभा में प्रमुख रूप से पूर्व सांसद हरिनरायन राजभर, एमएलसी यशवंत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय, भाजपा प्रवक्ता आनन्द दूबे, जिलाध्यक्ष प्रवीण गुप्ता, भाजपा नेता अरिजीत सिंह, रविशंकर तिवारी, अभिमन्यु दूबे, अखिलेश तिवारी, श्रीमती सोनी मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *