शोक संदेश

मऊ के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता का निधन

उत्तर प्रदेश सरकार में युवा एवं खेल कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा जनपद मऊ के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव के पिता सवधू यादव का मंगलवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे लगभग 90 वर्ष के थे और पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। इलाज के दौरान उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई थी और मंगलवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।

सवधू यादव एक सरल, मिलनसार और सम्मानित व्यक्तित्व के धनी थे। जिले व क्षेत्र के सामाजिक जीवन में उनका विशेष योगदान रहा है। उनके निधन की खबर मिलते ही जौनपुर और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।

नेताओं ने व्यक्त किया शोक

उनके निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री, कई कैबिनेट मंत्री, राज्य मंत्री, विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

अंतिम संस्कार

सवधू यादव का पार्थिव शरीर लखनऊ से उनके पैतृक गांव समसपुर, पनियारिया, जौनपुर लाया जा रहा है।

अंतिम संस्कार बुधवार को जौनपुर में गंगा–गोमती नदी के पावन तट रामघाट पर पूरे नागरिक सम्मान के साथ किया जाएगा। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, समर्थकों और सामाजिक संगठनों के शामिल होने की संभावना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *