अपना जिला

मऊ में 22 मार्च को होगा वैश्य होली मिलन समारोह, एकता का दिया जाएगा संदेश

मऊ, वैश्य होली मिलन 2026 की कार्ययोजना को लेकर गुरुवार देर शाम नगर स्थित मां शीतला धाम के मीटिंग हॉल में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 22 मार्च 2026, रविवार को वैश्य होली मिलन समारोह एक बैनर तले समग्र वैश्य समाज की एकजुट भागीदारी के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से “हम सभी एक हैं” का संदेश दिया जाएगा।

बैठक में जायसवाल, तेली, मध्देशिया, स्वर्णकार, चौरसिया, बरनवाल एवं अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मातृत्व शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हुए श्रीमती मीना अग्रवाल ने महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने और महिला जागरूकता व सशक्तीकरण पर बल दिया। पूर्व चेयरमैन अजय गुप्ता ने समाज को संगठित होने का आह्वान करते हुए कहा कि असंगठित समाज उपेक्षा का शिकार हो जाता है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और व्यवसाय प्रभावित होते हैं।

शीतला धाम के अध्यक्ष संजय वर्मा ने कहा कि समाज धनबल में सशक्त है, अब जनपद के कस्बों व मुहल्लों में जाकर लोगों से संपर्क कर कार्यक्रम को सफल बनाना होगा। बसपा नेता अजय साहू ने सभी उपजातियों को संगठित करने का संकल्प दोहराया, जबकि भाजपा के वरिष्ठ नेता अजय जायसवाल ने तन-मन-धन से समाज को एकजुट करने का आह्वान किया।

स्वर्णकार समाज के संतोष वर्मा ने कार्यक्रम के संयोजक बनाए जाने का प्रस्ताव रखा और एकता पर जोर दिया। वरिष्ठ समाजसेवी विजय अग्रवाल ने कार्यक्रम की भव्यता हेतु कोष व्यवस्था को आवश्यक बताया। पत्रकार श्रीराम जायसवाल ने सभी उपजातियों से एक मंच पर आने की अपील की।

घोसी चेयरमैन मुन्ना गुप्ता ने कार्यक्रम में वैश्य समाज के जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों व विधायकों को आमंत्रित करने का सुझाव दिया। वरिष्ठ समाजसेवी कमलेश चौरसिया ने अलग-अलग कार्यक्रमों पर रोक लगाकर सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने पर बल दिया। सपा नेता अभिषेक मध्देशिया एवं वरिष्ठ समाजसेवी अखिलेश बरनवाल ने कार्यक्रम की भव्य सफलता हेतु निरंतर प्रयास का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता शम्भू मद्धेशिया ने की तथा संचालन राजीव कुमार गुप्ता ने किया। इस अवसर पर रवि गुप्ता, मोहन गुप्ता, वंश बहादुर चौरसिया, विनोद गुप्ता, राकेश गुप्ता, अरविंद गुप्ता, अशोक गुप्ता, हेमराज मध्देशिया, आनंद कुमार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

बैठक में वैश्य होली मिलन 2026 को सफल बनाने के लिए प्रतिनिधियों एवं सह-प्रतिनिधियों को संयोजक व सह-संयोजक मनोनीत किया गया। कार्यक्रम के अंत में संयोजक एवं सह-संयोजकों का राजीव कुमार गुप्ता द्वारा फूलमाला व अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। उपस्थित लोगों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सामूहिक रूप से हुंकार भरी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *