बेटी की विदाई कराकर लौट रहे पिता का ट्रेन से बैग गायब, 10 लाख के गहने चोरी
मऊ, 27 फरवरी 2026। ट्रेन संख्या 15017 से यात्रा के दौरान एक संगठित चोरी की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़ित यात्री अजीत सिंह ने, जीआरपी मऊ जंक्शन को प्रार्थना-पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजीत सिंह अपनी पुत्री श्रेया सिंह को विदा कर 26 फरवरी 2026 को ट्रेन संख्या 15017 से ठाणे (महाराष्ट्र) जंक्शन से मऊ जंक्शन के लिए यात्रा कर रहे थे। उनका आरक्षण कोच A1 में सीट संख्या 49 (श्रेया सिंह) एवं 51 (अजीत सिंह) पर था। उनका पीएनआरनंबर 84xxxxxx08 बताया गया है।
घटना 27 फरवरी 2026 की सुबह लगभग 7:40 बजे की है, जब ट्रेन प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई थी। पीड़ित के अनुसार उनकी पुत्री का काले रंग का बैग सीट के पास सुरक्षित रखा था, जो ट्रेन खुलने से पूर्व रहस्यमय परिस्थितियों में गायब पाया गया।
घटना के तुरंत बाद सुबह 8:07 बजे रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसका शिकायत संख्या 2026022702253 है। साथ ही चैन पुलिंग कर स्थानीय जीआरपी को भी सूचित किया गया। हालांकि, पीड़ित के अनुसार उन्हें बताया गया कि प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए ट्रेन छोड़नी होगी, जिसे उन्होंने पुत्री की सुरक्षा को देखते हुए उचित नहीं समझा और मऊ पहुंचकर लिखित शिकायत दी।
पीड़ित के अनुसार चोरी गए बैग में निम्नलिखित बहुमूल्य आभूषण रखे थे—
- 2 सोने के कंगन
- 1 सोने की पायल
- 1 डायमंड जड़ित गोल्ड नेक सेट
- 1 चांदी की पायल
- 1 गोल्ड ब्रेसलेट
इन आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई गई है।
अजीत सिंह ने अपने प्रार्थना-पत्र में भारतीय दंड संहिता की धारा 379 (चोरी) एवं 380 (यात्रा स्थान में चोरी) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं तथा रेल अधिनियम, 1989 के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने संबंधित कोच और स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच, संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान तथा चोरी गए आभूषणों की शीघ्र बरामदगी के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।
इस संबंध मेंजीआरपी से संपर्क करने पर आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है। मामले की जांच शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।
जीआरपी थाने पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज करने वालों में एल्डर कमेटी के अध्यक्ष इशरत कमाल आजमी, बृजेश सिंह, अतुल सिंह, योगेंद्र कुमार, सुभाष चंद्र यादव, विजय शंकर बृजेश चौधरी, हेमंत कुमार ,मोहम्मद गुलफाम, वसीम अख्तर, सूर्य प्रकाश बरनवाल, उत्तम सिंह, नीरज मिश्रा, राहुल यादव, पंकज गुप्ता, प्रशांत प्रजापति, रवि मद्धेशिया, प्रदीप सिंह विनीत राय इत्यादि अधिवक्ता उपस्थित रहे।

