मऊ! यह मेरा ‘आखरी चुनाव’ जनसम्पर्क में कह रहे “नेताजी”

@ पवन कुमार पाण्डेय मधुबन से…
मधुबन विधान सभा चुनाव को लेकर सभी दल अपने अपने उम्मीदवारों को जातिय समीकरणों के साथ जिताऊ उम्मीदवार को मैदान में उतारने में जुटे हैं। मधुबन विधान सभा को देखे तो भाजपा, सपा आदि दल के नेता टिकट की रेस में जोर आजमाइश में कतारबद्ध लगें हैं। वहीं बसपा, कांग्रेस व आप ने अपने उम्मीदवार उतार जनता जनार्दन के बीच प्रत्याशियों को भेज दिया है। कांग्रेस ने मधुबन विधान सभा से दो बार अल्प अवधि के लिए विधायक रहे अमरेश चन्द पाण्डेय पर भरोसा जताया है। जनता के बीच जाकर अमरेश चन्द पाण्डेय यह स्पष्ट रूप से कह रहे हैं कि यह मेरा आखिरी चुनाव होगा। उन्होंने कहा कि वे जनता की अदालत में जनता को यह भरोसा दिला रहे हैं कि वह अन्य जनप्रतिनिधियों जैसे नहीं होंगे। अमरेश चन्द्र पांडेय गांव में जब बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष और युवाओं से जनसंपर्क कर रहे हैं तो वे लोगों से साफ-साफ कह रहे हैं कि यह मेरा आखिरी चुनाव होगा। उनके इस कथन का लोगों पर काफी प्रभाव पड़ रहा है। मंगलवार को जनसंपर्क से लौटने के बाद जब वह पार्टी कार्यालय पर आए तो उन्होंने यही बात पत्रकारों से भी दुहराई। साथ ही कहा कि वे विकास के मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में सभी जनप्रतिनिधियों ने सिर्फ मधुबन को छलने का कार्य किया है। कहा कि मधुबन क्षेत्र की सबसे विकट समस्या घाघरा के तटवर्ती लोगों के सामने है। हजारों एकड़ कृषि योग्य भूमि कटान के चलते घाघरा में विलीन हो गई है और करोड़ों रूपये शासन से बचाव में अवमुक्त किया जिसका बंदरबाट हो गया और समस्या जस की तस बनी हुई है। श्री पांडेय ने कहा कि अब मधुबन की जनता छली नहीं जाएगी अब मधुबन में विकास की क्रांति होगी और जन जन का उत्थान होगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंतखाब आलम ने कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र को विस्तार से बताते हुए रोजगार, महिला सुरक्षा, किसानों आदि पर प्रकाश डाला। पूर्व लोक सभा प्रत्याशी राष्ट्रकुवंर सिंह ने कहा कि कांग्रेस जाति, धर्म से उपर उठ कर कार्य करती है।
