दादी-मां की स्मृति में अखिलेश यादव द्वारा मऊ की बेटी सम्मानित
#महिला_सम्मान_समारोह_में_मऊ_की_बेटी_सम्मानित
० दलित विमर्श के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. प्रियंका सोनकर को सम्मान
लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की दादी मूर्त्ति देवी एवं माता मालती देवी की स्मृति में आयोजित महिला सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों की 26 महिलाओं को सम्मानित किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक न्याय की दृष्टि से विशेष रूप से महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक माना गया।
समारोह में मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव भी उपस्थित रहीं। सम्मानित किए गए क्षेत्रों में साहित्य, संगीत, चिकित्सा, खेल, न्याय, जनजागरण, शौर्य, पत्रकारिता, हस्तशिल्प, शिक्षा और दलित विमर्श जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल रहे।
इस अवसर पर मऊ की बेटी डॉ. प्रियंका सोनकर को दलित विमर्श के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. सोनकर, स्वर्गीय हीरा लाल सोनकर की पुत्री हैं और हरिकेशपुरा, संस्कृत पाठशाला, मऊ की मूल निवासी हैं। वर्तमान में वह बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में हिन्दी विषय की असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. प्रियंका सोनकर ने अपनी पुस्तक दलित स्त्री विमर्श का विमोचन अखिलेश यादव एवं डिंपल यादव के हाथों कराया और उन्हें पुस्तक भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रियंका अपनी माता के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं और अपने परिवार के साथ-साथ जनपद मऊ का भी मान बढ़ाया।


