कौन होगा घोसी का सांसद, भाग्य ईवीएम में बंद 60.16% मतदान
■ रसड़ा विधानसभा का वोट % अभी प्राप्त नहीं है
■ भाजपा के हरिनारायण या बसपा के अतुल चर्चा का दौर जारी
(आनन्द कुमार)
मऊ। घोसी संसदीय क्षेत्र 70 के लिए रविवार की सुबह से मतदाताओं का वोट देने का क्रम जारी रहा। मौसम के हिसाब से ही सुबह में ही लोग अपने अपने घरों से निकलकर अपने अपने बूथ पर लाइन लगाकर वोट देने के लिए तैयार हो गए। जनपद के घोसी लोकसभा क्षेत्र के 4 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का टोटल प्रतिशत 60.16 रहा। सांय 06:00 बजे तक का मतदान प्रतिशत घोसी लोकसभा क्षेत्र के मधुबन -59.95%, घोसी- 59.98%, मोहम्दाबाद गोहना सुरक्षित- 60.75%, मऊ सदर- 59.95% तथा बलिया जनपद के रसड़ा विधानसभा का वोट % अभी प्राप्त नहीं हुआ है ।
हर बूथ को गुब्बारा, फ्लेक्स, कपड़ा आदि से सजावट कर मतदाताओं को खूब लुभाया गया। हर बूथ पर पंखा, पानी व कुलर की व्यवस्था रहा। हर मतदान केंद्र पर अलग-अलग डिजाइन का सेल्फी प्वाइंट बनाया गया जहां लोगों ने वोट डालने के बाद अपना सेल्फी खींचे एवं फेसबुक और व्हाट्सएप पर दोस्त को शेयर करते रहे। मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग के पर्यवेक्षक, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक अपनी टीम के साथ लगातार निगरानी करते रहे।
मतदान के बीच में आजमगढ़ मंडल के मंडल आयुक्त एवं डीआईजी बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे। हर बूथ पर मतदाताओं का गजब का उत्साह रहा। निजामुद्दीन पुरा बूथ पर स्वीडन से वोट देने के लिए प्रिया सिंह आई हुई थी, जिनका दिनभर सोशल मीडिया एवं समाचार चैनलों पर चर्चा रहा।
मतदान के बाद घोसी लोकसभा के सभी प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। अब कौन बनेगा सांसद यह 23 मई को ही पता चल पाएगा। मतदान शुरू होने के बाद समाप्ति तक लोग हार जीत के आंकड़े उतार-चढ़ाव कौन हार रहा है जीत रहा के चर्चाओं में दिन भर मशगूल रहें।
सभी अपने अपने प्रत्याशी की जीत का दावा कर रहे हैं लेकिन जीत कौन रहा है यह बता पाना काफी मुश्किल है। वैसे माना जा रहा है कि कांटे की लड़ाई वर्तमान सांसद, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी हरिनारायण राजभर व बहुजन समाज पार्टी तथा गठबंधन दल के प्रत्याशी अतुल राय के बीच है।
वैसे कम्युनिस्ट पार्टी के प्रत्याशी कामरेड अतुल कुमार अंजान एवं कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी बालकृष्ण चौहान तथा सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रत्याशी महेंद्र राजभर के समर्थक भी अपने अपने प्रत्याशी को मजबूत स्थिति में बता रहे हैं। लेकिन घोसी लोकसभा से 2019 का सांसद कौन होगा, यह सच्चाई 23 मई को एक एक ईवीएम के सिल टूटने के बाद ही पता चल पाएगा। जिला प्रशासन द्वारा मतदाताओं को मत देने के लिए काफी सुविधा दिया गया था।
हल्की-फुल्की झड़पों के साथ एवं एक गांव में वोट का बहिष्कार का नारा लगाने एवं कई स्थानों की ईवीएम खराब होने के सूचना के अलावा चुनाव में विशेष कोई परेशानी नहीं हुई। जिला प्रशासन शांतिपूर्ण से चुनाव हो जाने के बाद काफी राहत महसूस कर रहा है। अब बूथो से वोटिंग मशीन सील होने के बाद मतगणना स्थल भुजौटी के कृषि मंडी परिषद में रखवा रहा है। जहां पर सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।
सनबीम स्कूल मऊ द्वारा नगर के कई बूथों को विधिवत साज सज्जा के साथ सजाया गया था। कई स्थानों पर सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे। संस्था के डायरेक्टर गिरधर अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने चुनाव ड्यूटी में लगे सेना के जवानों को गुलाब का फूल देकर अपने आप को गौरवान्वित किया।

