सेवा, समर्पण और रक्तदान: रोटरी क्लब मऊ के नए सत्र का आगाज़
मऊनाथ भंजन। रोटरी क्लब मऊ ने अपने नए संगठनात्मक सत्र 2026-27 की शुरुआत मानवता की सेवा के संकल्प के साथ करते हुए बुधवार को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के उद्देश्य को साकार करते हुए क्लब के सदस्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में बड़ी संख्या में रक्तदाताओं ने भाग लेकर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय तथा रोटरी क्लब मऊ के नवनियुक्त अध्यक्ष सचिंद्र सिंह ने फीता काटकर किया।
मुख्य अतिथि रामाश्रय मौर्य ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए कार्य करता रहा है। उन्होंने कहा कि नए सत्र की शुरुआत रक्तदान जैसे महादान से करना सराहनीय पहल है, जिससे जिला अस्पताल और ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने में मदद मिलेगी तथा किसी जरूरतमंद की जान रक्त के अभाव में नहीं जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज कुमार राय ने कहा कि रोटरी क्लब मऊ रक्तदान के क्षेत्र में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाता रहा है और समाज के असहाय लोगों की सेवा के लिए निरंतर कार्य करता रहा है। उन्होंने क्लब की इस पहल की सराहना की।
रोटरी क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष सचिंद्र सिंह ने बताया कि शिविर में क्लब के पदाधिकारियों के साथ-साथ नगर के अनेक युवाओं और गणमान्य नागरिकों ने पहली बार रक्तदान कर समाज को सकारात्मक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की मेडिकल टीम की देखरेख में सुरक्षा एवं स्वच्छता के सभी मानकों का पालन करते हुए रक्तदान शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

क्लब के सचिव मोहम्मद असलम ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। रक्तदान शिविर के संयोजक डॉ. संजय सिंह एवं आशीष सिंह रहे। इस दौरान मुख्य अतिथि रामाश्रय मौर्य ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
शिविर में प्रमुख रूप से डॉ. ए.के. सिंह, डॉ. असगर अली सिद्दीकी, हरिकृष्ण बरनवाल, आशीष सिंह, सौरभ बरनवाल, राजीव वर्मा, आसिफ उस्मानी, नाजिया उस्मानी सहित दर्जनों लोगों ने रक्तदान किया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब के संस्थापक सदस्य डॉ. एस.सी. तिवारी, शमीम अहमद, डॉ. एच.एन. सिंह, सुजीत सिंह, डॉ. ज्ञानेंद्र, पुनीत श्रीवास्तव, डॉ. पुष्पेंद्र, तेज प्रताप तिवारी, इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती पूनम सिंह तथा इंडियन डेंटल मेडिकल एसोसिएशन के जिला सचिव डॉ. फैयद खान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




