चर्चा में

बेल हेलीकॉप्टर से टिड्डियों पर नकेल की पूरी तैयारी

  1. बेल हेलीकॉप्टर जैसलमेर में टिड्डे नियंत्रण अभियान पर पहली निकलने के लिए तैयार हो रहा है।
  2. राजस्थान में टिड्डी नियंत्रण अभियान के लिए नियंत्रण वाहनों / टीमों का बेड़ा,  
  3. जोधपुर के फलोदी में रासायनिक छिड़काव करते ड्रोन
  4. राजस्थान के दौसा में एक खेत 

टिड्डी नियंत्रण गतिविधियों में नया आयाम जुड़ा – राजस्थान में जैसलमेर जिले के 65 आरडी बांदा क्षेत्र में बेल हेलिकॉप्टर के साथ लक्षित क्षेत्रों में रासायनिक छिड़काव शुरू

11 अप्रैल, 2020 से अब तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हरियाणा और बिहार के लगभग 2.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में टिड्डी नियंत्रण कार्य किए गए

टिड्डियों के हमलों से फसलों को हो रहे नुकसान को रोकने के लिए टिड्डी नियंत्रण अभियान जारी है। टिड्डी नियंत्रण गतिविधियों में कल (04.07.2020) एक नया आयाम जोड़ा गया। राजस्थान में जैसलमेर जिले के 65 आरडी बांदा क्षेत्र में बेल हेलिकॉप्टर पहली बार टिड्डी नियंत्रण के काम पर लगा और लक्षित क्षेत्रों में रासायनिक छिड़काव का अपना मिशन पूरा किया। इस तरह टिड्डी नियंत्रण प्रयासों में अब तेजी आ गई है।

11 अप्रैल, 2020 से 3 जुलाई, 2020 तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लोकल सर्किल कार्यालयों (एलसीओ) द्वारा 1,35,207 हेक्टेयर क्षेत्र में नियंत्रण कार्य को पूरा किया गया। 3 जुलाई, 2020 तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, गुजरात, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, हरियाणा और बिहार में राज्य सरकारों द्वारा 1,13,215.5 हेक्टेयर क्षेत्र में नियंत्रण कार्य को पूरा कर दिया गया है।

3 – 4 जुलाई, 2020 की दरम्यानी रात में राजस्थान के 6 जिलों – जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, और दौसा के 25 स्थानों और उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में दो स्थानों पर लोकल सर्किल कार्यालयों (एलसीओ) द्वारा टिड्डी नियंत्रण अभियान चलाया गया। इसके अलावा, टिड्डियों के छोटे-छोटे समूहों को खत्म करने के लिए 3 – 4 जुलाई, 2020 की दरम्यानी रात में उत्तर प्रदेश के झांसी और महोबा जिलों में 4 स्थानों पर और राजस्थान के भरतपुर में 2 स्थानों पर राज्य कृषि विभागों द्वारा नियंत्रण अभियान चलाया गया।

गुजरात, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, बिहार और हरियाणा में फसलों को कोई खास नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, राजस्थान के कुछ जिलों में फसलों को कुछ मामूली नुकसान हुआ है।

राजस्थान राज्य के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर, नागौर, दौसा तथा भरतपुर और उत्तर प्रदेश के झांसी और महोबा जिलों में अपरिपक्व गुलाबी टिड्डियों और वयस्क पीली टिड्डियों के झुंड सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *