एक ही परिवार के 04 लोगों की लाठी डंडे से पीट नृशंस हत्या, 04 गिरफ्तार

अमेठी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत राजापुर मजरे गुंगुवाछ के रहने वाले पूर्व प्रधान संकठा प्रसाद के घर के बगल खाली सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे इसी गांव के ही राम दुलारे बृजेश और अखिलेश सहित लाठी डंडे एवं धारदार हथियार से लैश बाहर से आए लगभग दो दर्जन लोगों ने मिलकर पीड़ित परिवार के घर पर मंगलवार की रात हमला बोल दिया। इन दबंगों ने पीड़ित के घर में घुसकर महिला पुरुष और बच्चों के ऊपर लाठी-डंडे तथा धारदार हथियार से हमला किया। जो भी मिलता गया सभी को दबंगों के द्वारा मार गिराया गया। ऐसे में एक ही पक्ष के आधा दर्जन से अधिक लोग लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े तभी दबंग धमकी देते हुए मौके से भाग निकले। मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी भेजा। जहां पर पहुंचते ही गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि अन्य को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी इलाज के दौरान उसी परिवार के तीन अन्य लोगों ने दम तोड़ दिया। जबकि 12 वर्ष का एक बच्चा सहित दो लोगों को गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है।
हमलावरों के हमले में गंभीर रूप से घायल संकट्ठा यादव 61 वर्ष, हनुमान यादव 40 वर्ष, अमरेश यादव 32 वर्ष और पार्वती यादव 59 वर्ष सहित एक ही परिवार के कुल 04 व्यक्तियों की मौत हो गई। मरने वालों में पूर्व ग्राम प्रधान और उनकी पत्नी तथा बेटा शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों की फोर्स सहित भारी संख्या में पीएसी तैनात कर दी गई है। मौके पर पुलिस के आला अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी अमेठी राकेश कुमार मिश्र, प्रभारी पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार पांडेय ने पहुंचकर मौका मुवायना किया। वहीं पर देर रात 1:00 बजे आई जी रेंज अयोध्या के पी सिंह ने भी मौका ए वारदात पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की माने तो हलके के दरोगा और सिपाही की शह पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। जब पीड़ित पक्ष पुलिस के पास जाता था तो पुलिस उसकी एक नहीं सुनती थी बल्कि उसी को डांट कर भगा देती थी और उसी के खिलाफ कार्यवाही भी कर देती थी जिसके कारण दबंगों के हौसले काफी बड़े हुए थे।
वहीं अस्पताल में मौजूद मृतक पक्ष की महिला गायत्री देवी ने बताया की मेरे घर के सामने बंजर जमीन है मेरा घर पहले से बना हुआ है वह लोग अपना घर बना रहे थे और हम लोगों के ंपुलिस के पास गया था पुलिस ने काम रोक दिया था और काम रुका हुआ था लेकिन बाद में इन लोगों ने पुलिस को घूंस देकर बनवाना शुरू कर दिया जिसके कारण आज यह घटना हुई है। मारने वालों की संख्या 20 से 25 थी इन लोगों ने बाहर से गुंडों को मारने के लिए बुला रखा था। डीएम राकेश कुमार मिश्र ने कहा कि एक ही बिरादरी के दो लोगों में आबादी की जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है।घायलों का इलाज चल रहा है।
आई जी रेंज अयोध्या केपी सिंह ने बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है मृतक और मरने वाले दोनों एक ही जाति के लोग आपस में पट्टीदार हैं यह आबादी की जमीन को लेकर विवाद था पुलिस के द्वारा वहां पर रोका गया था लेकिन एक पक्ष के द्वारा आज वहां पर बालू गिराया गया जिसके बाद यह विवाद हुआ है लोगों को लाठी-डंडों की चोट आई है जिसमें कुल 4 लोगों की मौत हो गई है जो मुलजिम है उनमें से 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
