लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही चुनावी चर्चे ने पकड़ा जोर
■ लोकसभा चुनाव 2019
■ दादी जी गोड़ लागत बानी, चाची प्रणाम का दौर शुरू
(अशोक कुमार जायसवाल)
बिल्थरारोड/बलिया। लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही भावी प्रत्याशियों द्वारा चाचा प्रणाम, चाची नमस्ते, भईया नमस्कार, भाभी सलाम, दादी गोड़ लागत बानी आदि अभिवादन का क्रम जोर पकड़ने लगा है। पार्टी प्रत्याशी की घोषणा के बाद तो दावतों का भी दौर शुरू हो जायेगा। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए ईष्ट मित्रों व सगे संबन्धियों का भी सहारा लेते प्रत्याशी नजर आने वाले हैं।
लोकसभा चुनाव की घोषणा होते ही चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। लोगों की नजरें अब प्रमुख पार्टियों के संभावित प्रत्याशियों पर टिकी हुई है। उधर चुनाव को देखते हुए भावी प्रत्याशी लोगों से आशिर्वाद के साथ टिकट के लिए पार्टी के शीर्ष नेताओं का गणेश-परिक्रमा तेज कर दिए हैं। चुनाव के दौरान आलम यह होगा कि जीत के बाद मतदाताओं को न पहचानने वाले जनप्रतिनिधि भी एक बार फिर उनके सगे से बढ़ कर हाल-चाल लेते नजर आयेंगे। कुल मिलाकर लोकसभा चुनाव में विपक्षियों के निशाने पर सिर्फ मोदी ही रहने वाले हैं। जहां तक सबसे दिलचस्प चुनाव की बात है तो यह चुनाव यूपी लोकसभा का ही रहने वाला है जहां दो धुर विरोधी पार्टियों के साथ गठबंधन होने से लोग भाजपा की स्थिति जानने को व्याकुल से हैं तथा इसकी चर्चा भी शुरू हो चुकी है। देखना है सपा-बसपा की जुगलबंदी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी में मोदी को कितने सीट पर रोकने में सफल हो पाती है। फिलहाल यह अभी भविष्य के गर्भ में है।

