अपना जिला

21 से चलाया जायेगा टीबी सक्रिय खोज अभियान, घर-घर की जाएगी सभी की स्क्रीनिंग

मऊ। पुनरीक्षित राष्ट्रीय क्षयरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत चलाये जा रहे टीबी सक्रिय खोज अभियान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। यह अभियान 21 जनवरी से 1 फरवरी तक चलाया जायेगा। इसी क्रम में शनिवार को मुख्य चिकित्सा कार्यालय में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस. सी. सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्ष 2018 में पब्लिक सेक्टर से 2193 एवं प्राइवेट सेक्टर से 1142 टीबी के लिए नोटिफाई किए गये हैं, जिनमें से 144 एमडीआर तथा एसडीआर के मरीज पाए गए। टीबी की जांच के लिए जनपद में 2 सीबीनॉट मशीन उपलब्ध हैं, जो एक जिला टीबी केंद्र में तथा दूसरी सीएचसी घोसी में कार्यरत है।
उन्होंने बताया कि जिनमें टीबी के संभावित लक्षण पाए जाते हैं उनको जिला अस्पताल में नवस्थापित टीआर टीबी सेन्टर में भर्ती कर इलाज शुरू किया जाता है तथा बलगम की जांच के लिए बीएचयू भेजा जाता है। टीबी की सभी जांच एवं इलाज मुफ्त उपलब्ध कराया जाता है| इसके अलावा ऐसे सभी टीबी के मरीज जिनका इलाज 1 अप्रैल 2018 के बाद से चल रहा है, उनको निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये प्रति माह पौष्टिक आहार हेतु दिया जा रहा है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एस. पी० अग्रवाल द्वारा बताया गया कि अभियान के सफल संचालन हेतु समस्त तैयारियां कर ली गयी है। दूर-दराज के इलाकों तक पहुँचाने के लिए सक्रिय टी०बी० रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है। अब तक तीन चरण में कुल 4772 बलगम एकत्रित किये गये जिसमें 278 मरीज पाये गये, जिनका इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि जनपद में छठवां चरण 21 जनवरी से 01 फरवरी तक चलाया जायेगा। अभियान के सफल संचालन हेतु 10 टीम लगायी गयी हैं। प्रत्येक टीम में तीन-तीन प्रशिक्षित सदस्यों एवं एक-एक लैब टैक्नीशियन को शामिल किया गया है जो लक्षणों का पहचानने का कार्य करेंगे। वहीँ कुल 20 सुपरवाइजर एवं 10 मेडीकल ऑफिसर निगरानी एवं पर्यवेक्षण हेतु लगाये गये है।
टीबी के लक्षण…
दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खाँसी का आना, खाँसी के साथ बलगम का आना, बुखार आना (विशेष रूप से शाम को बढ़ने वाला), वजन का घटना, भूख कम लगना, सीने में दर्द, बलगम के साथ खून आना आदि इसके मुख्य लक्षण हैं।
टीबी के मरीजों को खांसते व् छींकते समय नाक व् मुंह को कपडें से ढक कर रखें और इधर-उधर न थूकें, जिससे यह अन्य लोगों में न फैले…
जिले के सभी सरकारी एवं स्वैच्छिक संगठनों के चिकित्सालयों में टीबी की जांच व् इलाज की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध करायी जा रही है, साथ ही मरीज की सुविधा के लिए उनके निवास के नजदीक ही डॉट्स केंद्र बनाये गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *