पुलिस चौकी से महज डेढ़ सौ मीटर चोर पिकअप पर लाद ले गए भैंस
मधुबन, मऊ। स्थानीय थाना क्षेत्र के दुबारी पुलिस चौकी के निकट पालपुरा मुहल्ला में गुरूवार की रात बेखौफ चोरों ने सड़क के किनारे खूंटे में बंधी कीमती भैंस को पिकअप जीप पर लादकर भाग निकले। इसकी भनक पशुपालक को शुक्रवार की सुबह लगी। बेखौफ चोरों ने जहां चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है, वहीं चोरों ने रात में पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दिया है। पीड़ित पशुपालक ने घटना की सूचना पुलिस को दी है।
थाना क्षेत्र के दुबारी पुलिस चौकी से महज डेढ़ सौ मीटर दूर लबे रोड के समीप पालपुरा मुहल्ला निवासी अमीरचंद पाल नित्य की भांति गुरूवार की रात अपनी भैंस को खूंटे में बांधे थे। इसी बीच चोरों ने भैंस को पिकअप जीप में लादकर चम्पत हो गए। इसकी भनक पशुपालक तक को नहीं लगी। सुबह में जगते ही घटना की जानकारी हुई। पड़ोस में सो रहे एक व्यक्ति ने पीड़ित परिवार को बताया कि पिकअप जीप रात में कुछ समय के लिए रूकी हुई थी। इससे कयास लगने लगा कि चोरों ने भैंस को उसी वाहन में लादकर लेकर गए हैं। पुलिस चौकी के निकट हुई चोरी की घटना से जहां पुलिस को चोरों ने एक बड़ी चुनौती दी है। वहीं बेलगाम चोरों ने घटना को अंजाम देकर पुलिस गश्त की पोल खोलकर रख दिया है। लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर सहम गए हैं। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर से लोगों का विश्वास अब उठने लगा है। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दिया है।

