सोनाडीह महोत्सव में कलाकारों ने खूब जलवा बिखेरा
बिल्थरारोड, बलिया। क्षेत्र के सोनाडीह गांव में शनिवार की रात हुए सोनाडीह महोत्सव में फिल्म व गायक कलाकारों ने अपना जमकर जलवा बिखेरा। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्य अतिथि जननायक स्व0 चंद्रशेखर विवि के कुलपति योगेन्द्र सिंह व डीआईजी सुरक्षा जेके शुक्ल द्वारा दीप प्रज्जवलन कर किया गया तत्पश्चात उन्होनें गांव की माटी से जुड़े शहीद स्व0 केपी सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। महोत्सव में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम व एकांकी ने लोगों को मंत्र-मुग्ध कर दिया। कन्या-भ्रूण हत्या पर आधारित एकांकी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने कहा कि सोनाडीह का एक गरिमामय इतिहास रहा है। मां चामुंडा ने हाहा-हूहूं सहित अनेक राक्षसों का संहार कर यहां विश्राम किया था। जिससे यहां की मिट्टी पवित्र हो गयी। कहा कि गांव की मिट्टी की ही देन है कि यहां से निकले कई आईएएस, पीपीएस, पीसीएस ने देश के महत्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया व कर रहे हैं। उन्होने कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि व सोनाडीह निवासी डीआईजी सुरक्षा जेके शुक्ल को सम्मानित किया। कार्यक्रम में शहीद डीवाईएसपी स्व0 केपी सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला गया। पिता के शहीद होने के बाद भी मां ने किस तरह संघर्ष कर अपनी दो बच्चियों को तामिल दिलाया तथा उनमे उच्च पदों तक पहुंचने का जज्बा भरा। बेटियों ने भी अपने माता-पिता के इस दुनिया में न होने के बावजूद अपना संघर्ष जारी रखा तथा एक बेटी किंजल सिंह जहां आईएएस वही प्रांजल सिंह ने आईआरएस का सफर तय किया। अपनी माटी से जुड़े ऐसी बहादुर बेटियों पर सोनाडीह गांव को ही नही बल्कि जिले भर के लोगों को गर्व है। कार्यक्रम में ज्ञानकुंज एकेडमी, सेंट जेवियर्स स्कूल पिपरौली, सेंट्रल पब्लिक स्कूल व श्ररनदीप एकेडमी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम व एकांकी ने लोगों को मुग्ध कर दिया। बच्चों ने अपने एकांकी के माध्यम से कन्या-भ्रूण हत्या की रोकथाम को एक बड़ा संदेश लोगों तक पहुंचाया। बाद में फिल्म व गायन क्षेत्र से जुड़े कलाकारों ने एक अलग ही शमा बांधी। गोपाल राय, यश कुमार, देवानन्द देव, सुनीता पाठक, आशा यादव निशांत शुक्ला आदि ने अपने गायकी व नृत्य से लोगों को झूमने को मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथ व विशिष्ट अतिथि के अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व शिक्षकों के साथ राजनीतिज्ञों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सीयर ब्लाक प्रमुख विनय प्रकाश अंचल, डीएन सिंह, डा0 जेआर मिश्र, शीला मिश्रा, सुधा पांडेय, अनूप कुमार हेमकर, रूस्तम जी, आद्याशंकर यादव, जनार्दन यादव के साथ आयोजक मंडल के असलम राही, अनमोल आनंद, राम प्रकाश यादव, प्रेमचंद यादव, उदय प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे। विभिन्न थानों की पुलिस के अलावा डीएवी इंटर कालेज के एनसीसी कैडेट भी कार्यक्रम को निर्विघ्न सफल कराने में अपना महत्वपूर्ण योगदान प्रदान किया।

