वाह रे बदमाश : दरोगा जी जहर खुरानी हो गई
बिल्थरारोड/ बलिया। गोरखपुर से गाजीपुर जा रहे एक सब इंस्पेक्टर को हौसला बुलंद जहर खुरानो ने अपना शिकार बना डाला तथा वर्दी सहित उनकी सोने की चेन व अंगूठी उड़ा कर फरार हो गये। सब इंस्पेक्टर बुधवार की रात गोरखपुर से 55149 अप सवारी गाड़ी से ड्यूटी हेतु गाजीपुर जा रहे थे कि जहरखुरानों ने उन्हे मिठाई व बिस्कुट खिलाकर अपना शिकार बना दिया। यात्रियों की सूचना पर बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर तैनात जीआरपी के सिपाहियों ने उन्हे सीएचसी सीयर पहुंचाया जहां ईलाज के दौरान होंश आने पर उन्होने अपनी आप-बीती बताई। जीआरपी की सूचना पर सब-इंस्पेक्टर के परिजन भी अस्पताल आ पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक उक्त दरोगा द्वारा जीआरपी को कोई तहरीर नही दी गयी थी।
ट्रेनो में अपराधिक घटनायें कम होने का नाम ही नही ले रही है। सुरक्षाकर्मियों की तैनाती व बार-बार जहरखुरानों से सावधान करने की चेतावनी के बाद भी जिम्मेदार लोग भी इसके शिकार हो जा रहे है। गोरखपुर जिले के सोनबरसा गांव निवासी देवीलाल चौहान गाजीपुर के बहरियाबाद थाने में सब इंस्पेक्टर पद पर तैनात हैं। बुधवार की देर रात वे गोरखपुर से चौरीचौरा एक्सप्रेस से गाजीपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। उनके स्टेशन पहुंचने के पहले ही उक्त ट्रेन जा चुकी थी। ट्रेन के छूटने की स्थिति में वे उसके बाद जाने वाली सवारी गाड़ी में बैठ गये। इस दौरान एक युवक भी उनकी बगल में बैठ गया। गोरखपुर से ट्रेन चलने पर उक्त युवक ने काफी दबाव देकर सब इंस्पेक्टर को मिठाई व बिस्कुट खाने पर मजबूर कर दिया। फिर क्या था मिठाई व बिस्कुट ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया तथा दरोगा महोदय मूर्छित हो गये। दरोगा के मूर्छित होते ही जहरखुरान ने अपना काम शुरू कर दिया तथा उसने उनकी गले में पहनी सोने की चेन व दो अंगूठी के साथ ही वर्दी भी उड़ा दी। बिल्थरारोड रेलवे स्टेशन पर जब सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर सवारी गाड़ी पहुंची तब प्लेटफार्म पर ड्यूटी कर रहे रेलवे पुलिस को यात्रियों ने इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने या़यों के सहारे मूर्छित दरोगा जी को ट्रेन से नीचे उतारा तथा उन्हे सीएचसी सीयर में भर्ती कराया। इस दौरान उनके पास मौजूद मोबाइल के माध्यम से रेलवे पुलिस के जवानो ने इसकी सूचना उनके परिजनो को दी। इलाज के दौरान होंश आने पर उन्होने अपनी आपबीती परिजनो को बताई। इस सम्बन्ध में बिलथरारोड जीआरपी चौकी प्रभारी राजकुमार राजभर से बातचीत में उन्होने उक्त दरोगा की तरफ से अभी किसी प्रकार की कोई तहरीर न दिये जाने की जानकारी दी।

