अपना जिला

रेल सम्बन्धी समस्याओं को लेकर घोसी संघर्ष समिति ने भरी हुंकार

(एस०वी०रहमान उर्फ शन्नू आज़मी)

मऊ। रेल बस बन्द करने एवं आमान परिवर्तन के सम्बंध में घोसी संघर्ष समिति के तत्वाधान में बुधवार को घोसी नगर के विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के लोगों ने घोसी रेलवे स्टेशन पर एक सभा कर अपनी मांगों से संबंधित केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल के नाम संबोधित एक छ: सूत्रीय मांग पत्र उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार श्रीप्रकाश गुप्ता को सौंपा गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश जायसवाल व संचालन सुदर्शन कुमार ने किया। इस जनसभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि दिसम्बर 2016 में रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इस इंदारा-दोहरीघाट रेल मार्ग के आमान परिवर्तन का शिलान्यास किया लेकिन उसके बाद उक्त कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है। साथ ही साथ विगत फरवरी माह में इंदारा- दोहरीघाट रेल मार्ग पर चल रही रेल बस भी बंद हो गयी जो मेहनतकश लोगों के लिये यातायात का एक माध्यम था। वक्ताओं ने आगे कहा कि ये सभा एक चेतावनी है यदि शीघ्रताशीघ्र बन्द पड़ी रेल बस को चालू व बन्द पड़े आमान परिवर्तन का काम चालू नहीं होता है तो आगे घोसी संघर्ष समिति के नेतृत्व में घोसी के एक एक नागरिक रेल सम्बन्धी इस समस्या को लेकर एक निर्णायक आन्दोलन करेंगें।
इस जनसभा को मुख्य रूप से ब्लाक प्रमुख सुजीत कुमार सिंह, शेख हिसामुद्दीन, पूर्व प्रमुख जयहिन्द यादव, बद्री तिवारी, अरविन्द कुमार पाण्डेय, आक़िब सिद्दीकी, अनिल कुमार मिश्र, विवेक राय, शहज़ादे सिद्दीकी आदि ने संबोधित किया तथा इस जनसभा को सफल बनाने में नौशाद अज़ीम, ज़्याउद्दीन खान, राजेश निषाद, जुम्मन खान, सलमान घोसवी, सागर आर्ट, ज़फरुल इस्लाम, तारिक घोसवी, हसन आज़मी आदि ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत मे घोसी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरविन्द कुमार पाण्डेय ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *