मिसाल-ए-मऊ

मऊ की बेटी प्रज्ञा मौर्या को मुख्यमंत्री महाकुंभ सेवा मेडल से सम्मान, पुलिस सेवा में किया क्षेत्र का नाम रोशन

प्रयागराज जनपद के हण्डिया थाने पर तैनात महिला कांस्टेबल प्रज्ञा मौर्या को उत्कृष्ट कार्य करते हुए सुरक्षा व्यवस्था में विशिष्ट योगदान देने पर मुख्यमंत्री महाकुंभ सेवा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदान किया गया, जिससे न केवल प्रयागराज बल्कि मऊ जनपद का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।

मऊ की बेटी प्रज्ञा मौर्या की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों एवं पुलिस अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

सम्मान प्रमाण पत्र व मेडल हण्डिया थाने के प्रभारी निरीक्षक नितेन्द्र कुमार शुक्ला, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह तथा महिला उप निरीक्षक सुभी वर्मा द्वारा उन्हें सम्मानपूर्वक प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि प्रज्ञा मौर्या इससे पूर्व भी आई.जी.आर.एस. पोर्टल पर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन के लिए तीन बार सम्मानित हो चुकी हैं। उनकी कार्यशैली, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति समर्पण पुलिस विभाग में महिलाओं की सशक्त भूमिका को दर्शाता है।

गौरतलब है कि श्रीमती प्रज्ञा मौर्या राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित, गोल्ड मेडलिस्ट एवं राष्ट्रीय योगासन खिलाड़ी श्री रामनिवास मौर्य की पुत्री हैं, जो ग्राम लैरोदोनवार, थाना कोपागंज, जनपद मऊ के निवासी हैं। मऊ की बेटी ने एक बार फिर अपने कर्म और कर्तव्य से जनपद को गौरव दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *