बंगाल की राजनीति में ममता दीदी का बड़ा दांव, शत्रुघ्न सिन्हा को आसनसोल से टिकट

तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को बंगाल की राजनीति में एक बड़ा दांव खेला है। ममता बनर्जी ने ट्वीट कर पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा को लोकसभा उपचुनाव के लिए आसनसोल से उम्मीदवार घोषित किया है। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री और गायक बाबुल सुप्रियो को विधानसभा उपचुनाव के लिए बालीगंज से उम्मीदवार बनाया है।
पश्चिम बंगाल में एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर 12 अप्रैल को उपचुनाव होने हैं। इसमें आसनसोल लोकसभा सीट है, जो बाबुल सुप्रियो के इस्तीफे के बाद खाली हुई है।

पिछले साल बाबुल सुप्रियो ने अपनी लोकसभा सीट आसनसोल से इस्तीफा दे दिया था। बाद में उन्होंने भाजपा छोड़कर टीएमसी का दामन थाम लिया था। बाबुल सुप्रियो और बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के बीच मनमुटाव के चलते उन्होंने इस्तीफा दिया था। उन्होंने पहले तो राजनीति से संन्यास लेने की बात कही थी, लेकिन बाद में टीएमसी जॉइन कर ली। गोवा विधानसभा और त्रिपुरा में बाबुल सुप्रियो को पार्टी ने अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। अब माना जा रहा है कि बंगाल में बाबुल सुप्रियो को बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
