हे ! कनेक्टिविटी
जब से ये मोबाइल नामक पहरेदार लिया है , समझ लीजिये कि कितने ही दोस्तों और दुश्मनों को साथ लिए घुमते हैं जेब में . बाकी की तो बात ही मत कीजिये आप, मगर जो बारात के साथ लाये हुए दुश्मन हैं ( बीस साल पहले की दोस्त ) वे कोई भी वार ऐसे करते हैं जैसे निहत्थे लोगों पर पाकिस्तान आर्मी मोर्टार दागती है ,
मैं उस ऊकला टेस्ट का गच्चा देने वाली स्वीट गर्ल को ढूंढ रहा हूँ जो मोबाइल के सिग्नलों की तरह दिखाई ही नहीं देती . ऐसा-ऐसा प्रचार करते हैं ये मोबाइल कंपनियों वाले कि लगता है ….कि अपुन नरक में हर सुविधा की सेटिंग कर सकते हैं . जिसको भी फोन लगाओ तो सुनाई देता है …उपभोक्ता पहुँच से दूर है या मोबाइल स्विच ऑफ़ है . जैसे ही घर के जेलर के सामने जाओ तो इज्जत का कोर्ट मार्शल हो जाता है …न कोई अपील …न दलील . ससुर दारा सिंह जैसा पहलवान अपनी बीबी को नहीं बोल सकता तो हम क्या बोल पायेंगे …हम तो ठहरे सींकिया पहलवान .
“तुम्हे तीन बार फोन लगाया , मगर तुमने मेरा फोन ही नहीं उठाया . उठाते भी क्यों ! अब कौन-सा मेरी सास बैठी है जो तुम्हें डांट सके . छुट्टे सांड हो , किसी से भी बात करो पर मुझसे बात करने को जरा भी फुर्सत नहीं है .”
“अरे! यार नेटवर्क कनेक्टिविटी नहीं थी . फोन आयेगा तब तो पता चलेगा न !”
“हाँ…हाँ …अब क्यों बजने लगी मेरे नाम से घंटी . वो भी दिन थे जब बिना फोन के तुम्हारे कानों में घंटियाँ बजती थीं . मुझे तो लगता है कि तुम कहीं और ही पूजा कर रहे थे . कल ही मैंने देखा था किसी पूजा का फोन आ रहा था .”
“बिना कारण से मेरे दिमाग का घंटा बजा दिया . अरे भागवान वो व्हाट्सअप कॉल था . तुम्हारे चाचा के लडके की लड़की है . उसका दिल्ली में एग्जाम है . तुम्हारे ही भाई की बेटी है .”
“कोई भी हो …मैं बात करती हूँ कि ये आदमी ठीक नहीं है . कितनी ही लड़कियों से बात करता रहता है . इसे दिल्ली के बारे में कुछ नहीं पता . खुद ही आ के सेंटर ढूंढ ले …पंद्रह साल से तो मुझे कहीं नहीं घुमाया . इसे क्या ख़ाक पता होगा दिल्ली का . खबरदार ! अगर अब बात की तो .”
“अब चाय मिलेगी या नहीं ? क्या डांट और तुम्हारी बातों से ही थकान उतारूँ अपनी .”
“इसीलिए तो फोन कर रही थी कि रस्ते से ही दूध और पनीर ले आना , अब फोन नहीं सुना तो भुगतो सजा . जाओ पहले दूध लेकर आओ …और हाँ …पनीर लाना मत भूलना….आधा किलो. मैं न ख्याल रखूं तो इस घर में कुछ भी न हो . पर ठहरो तुम ! ….मैं भुट्टे ले आई थी ….जरा दो भून लो पहले …कुछ खा के ही जाओ . नहीं तो कहते फिरोगे कुछ सुनती नहीं हूँ .”
भुट्टे नहीं भून रहा हूँ , खुद भुन रहा हूँ . इन ससुर मोबाइल वालों को तो किसी चौराहे पर खड़े करके चमाट मार्के को दिल करता है . दावे ऐसे बड़े-बड़े कि नेटवर्क का हाइवे है …और पता लगता है कि सब में झोल है . अरे! निर्दइयो सुन लो ! हम अपनी प्रेमिकाओं को तो झेल सकते हैं पर बीबियों के फोन जरुर लगवा दिया करो …उनके साथ हमें रहना है …हम चाहकर भी इस कम्बल से नहीं छूट सकते . कम्बल के अन्दर की बात बता भी नहीं सकते .
अब हमारी रोज होती बेइज्जती की कसम अगर तुमने नेटवर्क कनेक्टिविटी में सुधार नहीं किया तो …..बताये दे रहे हैं . ….हम लैंड लाइन फोन फिर लगवा लेंगे ..और वो जो तुम्हारी लडकियां और फ्लॉप हीरो लोगों को लुभाने के लिए रखे हैं न …उनकी फोटो पर अपने पोते से सुसु करवाते हुए फेसबुक पर पोस्ट करेंगे . तुम ससुर ! लोगों को झूठ बहकाकर इससे बढ़िया काम कर भी नहीं रहे हो .
अब जा रहे हैं भुट्टा खाते हुए . अगर रास्ते में मिल जाएँ तो उलाहना मत दे देना कोई हमको ….क्या है कि हाथ पर कंट्रोल खो जाता है हमारा गुस्से में .
शब्द मसीहा

