रेल समाचार

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत को देशभर से जोड़ेंगी 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस

० किफायती किराए पर आधुनिक रेल यात्रा का नया अध्याय

नई दिल्ली/गुवाहाटी/कोलकाता। भारतीय रेलवे देश के रेल नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रहा है। असम और पश्चिम बंगाल से भारत के विभिन्न हिस्सों को जोड़ने वाली 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें जल्द ही हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाएंगी। ये ट्रेनें लंबी दूरी की यात्रा को आम यात्रियों के लिए अधिक किफायती, सुविधाजनक और भरोसेमंद बनाएंगी।

नई सेवाओं के तहत गुवाहाटी से रोहतक, डिब्रूगढ़ से लखनऊ, न्यू जलपाईगुड़ी से तिरुचिरापल्ली और नागरकोइल, अलीपुरद्वार से बेंगलुरु और मुंबई, तथा कोलकाता से तांबरम, बनारस और आनंद विहार तक सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे उत्तर-पूर्व, पूर्व, दक्षिण, पश्चिम और मध्य भारत के बीच निर्बाध संपर्क स्थापित होगा।

अमृत भारत एक्सप्रेस को आम यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। लगभग ₹500 प्रति 1000 किलोमीटर के किफायती किराए पर यह बिना एसी, लंबी दूरी की स्लीपर यात्रा उपलब्ध कराती है। किराया संरचना सरल और पारदर्शी है, जिसमें कोई डायनेमिक प्राइसिंग नहीं है, जिससे यह सेवा हर वर्ग के यात्रियों के लिए सुलभ बनती है।

दिसंबर 2023 में शुरुआत के बाद अब तक 30 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं और अब महज एक सप्ताह के भीतर 9 नई सेवाएं जुड़ने जा रही हैं। ये ट्रेनें विशेष रूप से प्रवासी कामगारों, छात्रों, व्यापारियों और परिवारों के लिए लाभकारी होंगी, जो रोजगार, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से लंबी दूरी की यात्रा करते हैं।

प्रस्तावित नई अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाएं:
1. गुवाहाटी (कामाख्या) – रोहतक
2. डिब्रूगढ़ – लखनऊ (गोमती नगर)
3. न्यू जलपाईगुड़ी – नागरकोइल
4. न्यू जलपाईगुड़ी – तिरुचिरापल्ली
5. अलीपुरद्वार – एसएमवीटी बेंगलुरु
6. अलीपुरद्वार – मुंबई (पनवेल)
7. कोलकाता (संतरागाछी) – तांबरम
8. कोलकाता (हावड़ा) – आनंद विहार टर्मिनल
9. कोलकाता (सियालदह) – बनारस

इन ट्रेनों में आधुनिक सुविधाएं जैसे आरामदायक सीटें और बर्थ, फोल्डेबल स्नैक टेबल, मोबाइल व बोतल होल्डर, फास्ट चार्जिंग पॉइंट, आधुनिक शौचालय, अग्निशमन प्रणाली और दिव्यांगजन यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अमृत भारत एक्सप्रेस भारतीय रेलवे की उस सोच को दर्शाती है, जिसमें आधुनिकता, सुरक्षा और सुविधा को आम आदमी तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। यह सेवा देश के समावेशी और यात्री-केंद्रित रेल आधुनिकीकरण की दिशा में एक मजबूत कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *