ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ की सराहनीय कार्रवाई, यात्रियों का छूटा सामान सुरक्षित लौटाया
वाराणसी, 08 जनवरी 2026। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामाकृष्णन के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा रेल संपत्ति की सुरक्षा, अवैध गतिविधियों पर रोक, यात्रियों की सुरक्षा तथा बचपन बचाओ अभियान के अंतर्गत मानव तस्करी की रोकथाम के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ द्वारा यात्रियों का ट्रेन में छूटा हुआ सामान पूरी तत्परता एवं ईमानदारी के साथ सुरक्षित बरामद कर उन्हें सौंपा गया।
दिनांक 07 जनवरी 2026 को वाराणसी कंट्रोल की सूचना पर गाड़ी संख्या 75101 के जनरल कोच में एक नीले रंग का पिट्ठू बैग छूटने की जानकारी मिली। ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल रमेश प्रसाद एवं कांस्टेबल उर्मिला यादव ने तत्परता दिखाते हुए गाजीपुर सिटी स्टेशन पर कोच की जांच कर बैग को सुरक्षित उतारकर पोस्ट पर रखा। बाद में बैग के स्वामी आदर्श प्रताप सिंह, निवासी भीखा छपरा, थाना बैरिया, जिला बलिया को पहचान सत्यापन के बाद उनका बैग सही-सलामत सुपुर्द किया गया। यात्री ने आरपीएफ एवं रेल प्रशासन की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इसी क्रम में 06 जनवरी 2026 को गाड़ी संख्या 55137 के जनरल कोच में सीट के ऊपर एक काले रंग का छोटा पिट्ठू बैग छूट गया था। यात्री द्वारा 139 पर सूचना दिए जाने पर सुरक्षा कंट्रोल से कांस्टेबल ब्रह्मा शंकर गुप्ता को अवगत कराया गया। मऊ स्टेशन पर गाड़ी के आगमन पर बैग बरामद कर आरपीएफ पोस्ट मऊ पर सुरक्षित रखा गया। दिनांक 07 जनवरी 2026 को यात्री प्रियांशु कुमार राय को सत्यापन के उपरांत निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह द्वारा हेड कांस्टेबल अनीता की उपस्थिति में बैग सुपुर्द किया गया। बैग में रखे सामान की अनुमानित कीमत लगभग ₹4000 आंकी गई। यात्री ने आरपीएफ की कार्यशैली की सराहना की।
इसके अतिरिक्त 07 जनवरी 2026 को गाड़ी संख्या 15008 के एस-5 कोच के बर्थ संख्या 44 के नीचे एक काले रंग का पिट्ठू बैग छूटने की सूचना 139 के माध्यम से प्राप्त हुई। कंट्रोल की सूचना पर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल प्रमोद कुमार ने मऊ स्टेशन पर बैग बरामद कर सुरक्षित रखा। बाद में यात्री प्रवीण कुमार यादव, निवासी तातील टोला, थाना सलेमपुर, जिला देवरिया को प्रमाणिक दस्तावेजों के मिलान के बाद निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह द्वारा बैग सौंपा गया। बैग में मोबाइल चार्जर, नए व इस्तेमाल कपड़े आदि थे, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹3000 थी। यात्री ने आरपीएफ एवं रेल प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
रेलवे सुरक्षा बल की यह कार्रवाई यात्रियों में सुरक्षा, विश्वास और भरोसे को और मजबूत करती है।

