समाजवादी पार्टी महिला प्रकोष्ठ मऊ की पूर्व ज़िलाध्यक्ष मीनाक्षी श्रीवास्तव का निधन
मऊ। समाजवादी पार्टी महिला प्रकोष्ठ मऊ की पूर्व ज़िलाध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव (पत्नी दिनेश श्रीवास्तव, पूर्व क्लर्क काशी गोमती संयुक्त क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक) का बुधवार को हृदयगति रुकने से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से राजनीतिक, पत्रकारिता और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से मऊ जनपद के मधुबन क्षेत्र की निवासी मीनाक्षी श्रीवास्तव का ससुराल आज़मगढ़ में था, जबकि वे वर्तमान में बलिया जनपद के चिलकहर में निवास कर रही थीं। बुधवार को तबियत बिगड़ने पर वे मऊ में चिकित्सक को दिखाने आ रही थीं, लेकिन जैसे ही वे रसड़ा पहुंचीं, उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई। स्थानीय चिकित्सकों को दिखाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मीनाक्षी श्रीवास्तव के निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया। लोगों ने उनके निधन को समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
अपने कार्यकाल में उन्होंने समाजवादी पार्टी में महिला ज़िलाध्यक्ष के रूप में संगठन को मजबूती देने का कार्य किया। साथ ही ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन मऊ से जुड़कर पत्रकारिता के क्षेत्र में भी एक सशक्त महिला हस्ताक्षर के रूप में अपनी पहचान बनाई। सामाजिक सरोकारों में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव याद की जाएगी।
उनके निधन पर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन मऊ के ज़िलाध्यक्ष हरिद्वार राय, महामंत्री प्रदीप सिंह, अच्युतानंद उपाध्याय, डा. आज़ाद नोमानी, एसपी भारती, विनय जायसवाल, कल्याण सिंह, नागेंद्र राय, विनोद सिंह, राहुल सिंह, अनिल श्रीवास्तव, जय प्रकाश यादव, राजेश श्रीवास्तव, आनन्द कुमार सहित अनेक लोगों ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भी शोक संवेदना व्यक्त कर अपने नेता को श्रद्धांजलि दी।

