मऊ में नई सर्किल दरों की अनंतिम सूची तैयार, 28 जनवरी 2026 से होगी लागू
मऊ। जनपद में संपत्तियों के मूल्यांकन एवं स्टांप शुल्क निर्धारण के लिए नई सर्किल दरों की अनंतिम सूची तैयार कर ली गई है। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश स्टांप (संपत्ति का मूल्यांकन) नियमावली 2013 के प्रावधानों के अंतर्गत जनपद के सभी उप निबंधक कार्यालय क्षेत्रों में आने वाली कृषक, अकृषक भूमि, भूखंड, भवन एवं व्यावसायिक संपत्तियों पर नई सर्किल दरें 28 जनवरी 2026 से लागू की जाएंगी।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त उप निबंधक कार्यालयों हेतु अनंतिम मूल्यांकन सूची तैयार कर ली गई है, जिसे सर्वसाधारण के निरीक्षण हेतु संबंधित तहसील के उप निबंधक कार्यालय, अपर जिलाधिकारी मऊ तथा सहायक महानिरीक्षक निबंधन मऊ के कार्यालय में उपलब्ध कराया गया है। प्रस्तावित सर्किल दरों की सूची का निरीक्षण किसी भी कार्य दिवस में प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को प्रस्तावित सर्किल दरों के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव प्रस्तुत करना हो तो वह दिनांक 17 जनवरी 2026 को सायं 4:00 बजे तक व्यक्तिगत रूप से अथवा पंजीकृत डाक के माध्यम से संबंधित उप निबंधक, सहायक आयुक्त स्टांप मऊ, संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा अपर जिलाधिकारी मऊ के कार्यालय में प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
प्राप्त समस्त आपत्तियों एवं सुझावों का निस्तारण अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में दिनांक 21 जनवरी 2026 को किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम जनमानस से अपील की है कि समय से अनंतिम सूची का अवलोकन कर अपने सुझाव एवं आपत्तियां निर्धारित तिथि के भीतर अवश्य प्रस्तुत करें।

