वरिष्ठ पत्रकार के निधन पर श्रीमती प्रियंका गाँधी वाड्रा ने शोक संवेदना व्यक्त की

लखनऊ। अखिल भारतीय कांग्रेस पार्टी की महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने एनडीटीवी के वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के निधन पर शोक संवेदना जाहिर की।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, वरिष्ठ पत्रकार श्री कमाल खान के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। कुछ दिनों पहले ही उनसे मुलाकात के दौरान ढेर सारी बातें हुई थीं। उन्होंने पत्रकारिता में सच्चाई व जनहित जैसे मूल्यों को जिंदा रखा।
श्री कमाल खान जी के परिजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। विनम्र श्रद्धांजलि।

वरिष्ठ पत्रकार जयशंकर गुप्ता कमाल खान के निधन पर अपनी ट्विटर और फेसबुक पर लिखते हैं कि…
स्तब्ध हूं, निशब्द हूं। कल शाम जिसे लखनऊ से एनडीटीवी पर लाइव सुन रहा था। आज सुबह एनडीटीवी ने ही बताया, कमाल खान नहीं रहे। जबरदस्त हृदयाघात ने उनकी जान ले ली। अपनी खनखनाती हिन्दुस्तानी जबान और लखनवी अंदाज के साथ पिछले तीन दशकों से अधिक समय से भारतीय पत्रकारिता को रोशन कर रहा एक चिराग आज बुझ गया। हर दिल अजीज, भारत की गंगा जमुनी तहजीब की जीवंत मिसाल रहे कमाल खान कमाल से अपनी करीबी 1990 से थी जब हम दोनों नवभारत टाइम्स में काम करते थे। वह लखनऊ में और हम दिल्ली में थे। बाद के वर्षों में भी जब कभी लखनऊ जाते कमाल से बात मुलाकात होती ही थी। उम्र में हमसे छोटे थे लेकिन हम उनकी पत्रकारिता और भलमनसहत के मुरीद थे। एनडीटीवी पर उन्हें सुनना, उत्तर प्रदेश के सामाजिक और राजनीतिक हालात को जानना-समझना हमारी समझ को और बेहतर बनाता।
पहले जाकर कमाल कर गए दगा। नमन अश्रुपूरित श्रद्धांजलि।
पूर्व मुख्यमंत्री सपा मुखिया अखिलेश यादव लिखते हैं…
पत्रकारिता की एक गंभीर आवाज़ बनकर उभरे कमाल ख़ान जी का जाना… बेहद दुखद है! उनके सच की गहरी आवाज़ हमेशा बनी रहेगी… भावभीनी श्रद्धांजलि!

वरिष्ठ पत्रकार अनिल भास्कर कहते हैं… सधी आवाज़, चुनिंदा अल्फ़ाज़, अलहदा अंदाज़ और संजीदा मिज़ाज़- वाकई कमाल थी कमाल की रिपोर्टिंग। इस कमाल से ही कमाल ने टीवी जर्नलिज्म में कमाल दर कमाल किए। मरहूम कमाल ने बेशक हम सबको इस कमाल से महरूम कर दिया, पर उनके कमाल का जादू हमेशा तारी रहेगा।
वरिष्ठ पत्रकार एके लारी जी कहते हैं…
यहां भी कमाल कर दिया कमाल भाई.टीवी पत्रकारिता में कमाल करते करते ये कैसा कमाल कर दिया. अभी ऐसा कमाल करने का तो समय नहीं था. हमने सोचा भी नहीं था.कल रात की ही तो बात है. पूर्वांचल के बदलते सियासी समीकरण पर हम सब बात कर रहे थे. फिर कहा,अभी प्राइम टाइम में लाइव है.सुबह बात करते हैं.क्या पता था कि ये सुबह फिर नहीं आएगी.
#विनम्र #श्रद्धांजलि 🙏
वरिष्ठ पत्रकार एवं ईशान टाइम्स के एडिटर इन चीफ संजय राय ने कहा कि कमाल खान के निधन पर अश्रुपूरित नमन् व श्रधांजलि अर्पित करता हूं। उनका निधन भारतीय पत्रकारिता का क्षति है।
मऊ में पत्रकारों ने कमाल खान के निधन पर जताया दुख…
पत्रकार कमाल खान के निधन पर मऊ जनपद में भी पत्रकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष हरिद्वार राय ने कहा कि हमने पत्रकारिता का एक योद्धा खो दिया उनकी भरपाई असंभव है। वहीं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप सिंह ने कहा कि कमाल खान पत्रकारिता का वह चेहरा था जो सदैव सच की बानगी बन समाज में अपनी पत्रकारिता का लोहा मनवाता रहा।
असद नूरानी उद्यमी राहत हर्बल इंडस्ट्रीज़, हरिद्वार…
आज मन बहुत उदास है सुबह सुबह ख़बर मिली कमाल भाई ( Kamal Khan NDTV) का इंतेकाल हो गया। कमाल भाई एक शानदार शख्स थे बहुत हसमुख कभी गुस्से में नही दिखे। हिंदी साहित्य के जबरदस्त आलिम, दो लाईन के शेर , दोहे सुनाने के बाद न्यूज़ खत्म होती थी जिसकी तारीफ़ दर्शकों के अलावा न्यूज़ रीडर भी करते थे बड़े मन से सब सुनते थे। मेरे पर्सनल रिलेशन कमाल भाई से बहुत ज्यादा अच्छे थे अभी दो दिन पहले ही फ़ोन पर बात हुई थी कि इलाहाबाद इलेक्शन कॉवरेज पर हमारे घर पर डिनर साथ करने को बोला था। हफ्ते या दो हफ्ते में उनके या मेरे फोन से बात हो जाती थी कभी मसरूफियत में फ़ोन नही उठाते तो फिर फ्री होके कॉल ज़रूर करते थे। उनकी बातें बहुत informative होती थी सीखने को मिलता था। कमाल भाई ने कल भी रिपोर्टिंग की थी। उनकी रिपोर्टिंग या उनकी जैकेट की जब मैं तारीफ़ करता तो खुश होते शुक्रिया बोलते। अल्लाह कमाल भाई को जन्नत में आला मकाम अता फरमाए। ( उनका रिपोर्टिंग के बाद बोलना – लखनऊ से कैमरा मैन राजेश गुप्ता के साथ मैं कमाल खान NDTV India के लिए)
पत्रकार के आकस्मिक निधन पर जौनपुर में शोकसभा…
जौनपुर में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के कार्यालय पर एक आपात् बैठक विजय प्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में आहूत की गई। जिसमें जौनपुर निवासी उत्तर प्रदेश एनडीटीवी के प्रभारी कमाल खान के आकस्मिक निधन पर एक शोक सभा करके उन्हें श्रद्धान्जलि दी गई। मृत आत्मा की शान्ति के लिए 2मिनट का मौन रहकर ईश्वर से प्रार्थना की गई।
यूनियन के अध्यक्ष विजय प्रकाश मिश्र ने उनके द्वारा पत्रकारिता जगत में किए गए उल्लेखनीय कार्यों का प्रशंसा की और कहा कि आज पत्रकारिता जगत का एक स्तम्भ हमारे बीच से चला गया जिसकी भरपाई होना सम्भव नहीं है। शोकसभा का संचालन महामन्त्री सन्तोष कुमार सोन्थालिया ने किया।
इस अवसर पर आदर्श कुमार डा यशवंत कुमार गुप्ता प्रेम प्रकाश मिश्र दीपक मिश्र सुधाकर शुक्ला ओमप्रकाश यादव चन्द्र मणि पान्डेय प्रमोद कुमार पांडेय रियाजुल हक अरुण कुमार तिवारी राजेश कुमार मिश्र अभिषेक शुक्ला अमरेश कुमार पान्डेय दीपक चिटकारिया मनीष कुमार श्रीवास्तव अरुण कुमार यादव जावेद रिजवी आलोक कुमार सिंह रवींद्र कुमार मिश्र ए के सिंह मनीष कुमार गुप्ता मोहम्मद हारुन शब्बीर हैदर राम चन्द्र नागर चन्द्र प्रकाश तिवारी परेश कुमार सिन्हा आशुतोष अस्थाना नरेन्द्र कुमार गिरि प्रमोद कुमार माली शिवेश मिश्र लाल बहादुर यादव आदि पत्रकार मौजूद रहे।
सोनभद्र में पत्रकारों ने कहा कमाल खान के निधन से पत्रकारिता की अपूर्णीय क्षति…
सोनभद। श्रमजीवी पत्रकार यूनियन उत्तर प्रदेश जनपद सोनभद्र द्वारा वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के हुए असामयिक निधन पर शोक गहरा शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जनपद मुख्यालय स्थित श्रमजीवी पत्रकार यूनियन सोनभद्र के कार्यालय पर जिलाध्यक्ष बृजेश शुक्ला राम प्रसाद यादव प्रशांत शुक्ला विद्यु शेखर मिश्रा सचिन कुमार गुप्ता गिरीश पांडे समेत अन्य पत्रकारों ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा की वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के हुए असामयिक निधन से पत्रकारिता को गहरा आघात लगा है। श्री खान पिछले तीन दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के माध्यम से आम आदमी की बात, उनकी समस्याएं राष्ट्रीय धरातल पर खड़ा कर रहे थे। उनके निधन से पत्रकारिता को गहरा आघात लगा है जिसकी भरपाई नही की जा सकती।

एनडीटीवी पत्रकार कमाल खान के निधन से पत्रकारिता जगत के लिए अपूर्णनीय क्षति।
इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन गाजीपुर ने की शोक सभा।
गाज़ीपुर, उत्तर प्रदेश। इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन गाज़ीपुर की तरफ से एक शोक सभा का आयोजन लंका स्थित गेट नंबर 4 के सामने कार्यालय पर सम्पन्न हुई।शोक सभा मे एनडीटीवी के वरिष्ठ पत्रकार कमाल खान के शुक्रवार की सुबह हुई अचानक मौत पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए 2 मिनट का शोक व्यक्त किया गया।वक्ताओं ने कहा कमाल खान का अचानक जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूर्णनीय क्षति हुई है।कमाल खान का खबर करने का अंदाज उनको औरो से अलग करता था।लगभग तीन दशकों से टीवी पत्रकारिता से जुड़े कमाल खान के देश ही नही वरन विदेशो में भी प्रशंसक थे।कमाल खान अपने पीछे परिवार में पत्नी रुचि और बेटा अमन को छोड़ गए है।उनके निधन पर कई राजनेताओ ने दुःख जताया है।
इस मौके पर इंडियन जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुनील सिंह,प्रभाकर सिंह,अभिषेक कुमार सिंह,अमरजीत रॉय,फूलचंद सिंह, इकरार खान,जावेद खान,आनंद कुमार,सुनील गुप्ता,प्रेम शंकर सिंह,सुशील कुमार,जय प्रकाश आदि लोग मौजूद रहे।
सिद्धार्थनगर से यशोदा श्रीवास्तव का नमन्
कल रात नौ बजे तक सुना।।
सुबह आई मौत की खबर।।।
वाकई जिंदगी इक किराए का घर है।।। या फिर पानी का बुलबुला।।।दुखद: निष्पक्ष मीडिया जगत की बड़ी क्षति!
विनम्र श्रद्धांजलि कमाल भाई,आपकी पत्रकारिता भी कमाल की थी, बिल्कुल निष्पक्ष ,निडर,तथ्यपरक।।

बलिया से अनूप हेमकर के शब्द…
तीन दशक से दिल छू लेने वाली ख़बरें करने वाले, कमाल के पत्रकार , शानदार व्यक्तित्व के धनी , सभी के चहेते कमाल खान, आज हम सबको अनंत शोक में छोड़ कर चले गए । अब एन डी टी वी पर मर्यादित भाषा से परिपूर्ण सुरीली आवाज नही सुनाई पड़ेगी । यह हम सभी के लिए गहरे शोक की घड़ी है । पत्रकारिता के लिए अपूरणीय क्षति है । मुझे आज याद आ रहा है उनसे हुई बातचीत के हर लम्हे । बलिया श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की तरफ से कलम के पुरोधा को विनम्र श्रद्धांजलि
