मऊ पहुंचे समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, व्यापारियों के हितों पर बनी रणनीति
मऊ। समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल के मऊ आगमन पर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद आयोजित संगठनात्मक बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा प्रदेश के व्यापारियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनके समाधान के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने पदाधिकारियों से अधिक से अधिक व्यापारियों को संगठन से जोड़ने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।
प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया ने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा व्यापारियों की आवाज है और संगठन का उद्देश्य उनकी समस्याओं को शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने मंडल और जनपद स्तर पर व्यापारी संवाद कार्यक्रमों को और व्यापक बनाने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश सचिव अभिषेक मद्धेशिया, पूर्व चेयरमैन अमिला अजय गुप्ता, जिलाध्यक्ष शिवम सोनी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और भविष्य की रणनीति पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने अपने सुझाव भी रखे और संगठन को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में अंकित मद्धेशिया, आदित्य राजभर, राजू गुप्ता, अभय गुप्ता, धनजी मद्धेशिया, सोनू चौधरी, आदेश, शिवप्रसाद राजभर सहित बड़ी संख्या में समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और व्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन व्यापारी हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।


