पुलिस उपमहानिरीक्षक ने PS दोहरीघाट व PS घोसी का निरीक्षण किया
मऊ। पुलिस उपमहानिरीक्षक, आजमगढ़ परिक्षेत्र,सुभाष चन्द्र दुबे, द्वारा थाना दोहरीघाट एवं थाना घोसी जनपद मऊ का निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना स्तर पर बने “कोविड केयर हेल्प डेस्क” का निरीक्षण कर उपलब्ध उपकरणों यथा थर्मल स्कैनर, पल्स ऑक्सीमीटर, सैनिटाइजर आदि की जांच की गयी तथा नियमित रूप से स्क्रीनिंग हेतु निर्देशित किया गया। सम्पूर्ण थाना परिसर का भ्रमण कर जरूरी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। थाने के सैनिटाइजेशन, साफ-सफाई, वस्तुओं के सुरक्षित रख-रखाव आदि का अवलोकन कर नियमित रूप से सैनिटाइजेशन करने हेतु निर्देश दिये गये। थाने पर नियुक्त समस्त पुलिसकर्मियों की ब्रीफिंग कर उनके व्यक्तिगत/विभागीय समस्याओं एवं स्वास्थ्य के विषय में जानकारी प्राप्त की गई तथा ड्यूटी के दौरान सम्पूर्ण सुरक्षा उपकरणों को धारण कर सतर्कता बरतते हुए कोरोना वायरस से स्वयं को सुरक्षित रखने तथा कार्यालय के विभिन्न रजिस्टर्स/अभिलेखों का अवलोकन कर उन्हें अद्यावधिक रखने हेतु निर्देश दिये गये। साथ ही 31 मार्च 2020 के पहले के सभी लम्बित विवेचनाओं को सुसंगत साक्ष्य के आधार पर अतिशीघ्र निस्तारित करने एवं जिन अभियोगों में आरोप पत्र मा0 न्यायालय दाखिल नहीं किया गया है तो उसे अतिशीघ्र मा0 न्यायालय दाखिल करने के निर्देश दिये गये। अवैध असलहों के खिलाफ चलाये जा रहे एक माह के अभियान में अवैध असलहों की रिकवरी एवं अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार अभियुक्तो के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्यवाही करने का निर्देश भी दिया गया। कोविड-19 के संबंध में शासन द्वारा जारी समस्त गाइडलाइन का अक्षरशः पालन कराने तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए गये। बाद थाना निरीक्षण पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र, आजमगढ़ सुभाष चन्द्र दुबे द्वारा पुलिस अधीक्षक, मऊ अनुराग आर्य एवं जनपद के अन्य राजपत्रित अधिकारीगणों के साथ गोष्ठी कर माफियाओं एवं उनके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी विधिक कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।


