कम्पोजिट विद्यालय रस्तीपुर का पालिकाध्यक्ष ने किया निरीक्षण, दिया विकास कार्य कराने का आश्वासन

● आपरेशन कायाकल्प से बदल रही है नगर के प्राइमरी स्कूलों की सूरत
मऊ। नगर पालिका परिषद द्वारा आपरेशन कायाकल्प के तहत कराये जा रहे विकास कार्यो से नगर के परिषदीय विद्यालयों की सूरत तेज़ी से बदल रही है। इस योजना के तहत नगर के प्राइमरी स्कूलों को आकर्षक बनाया जा रहा है। रंग रोगन से लेकर मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उक्त बाते नगर के रस्तीपुर में स्थित कम्पोजिट विद्यालय के निरीक्षण के दौरान पालिकाध्यक्ष मु0 तय्यब पालकी ने कहीं। पालिकाध्यक्ष श्री पालकी ने मंगलवार को पालिका के अवर अभियंता श्री सी0पी0 दूबे के साथ कम्पोजिट विद्यालय रस्तीपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत प्रश्नगत विद्यालय को चयनित किया गया है जिसमें नगर पालिका द्वारा विकास कार्य कराया जायेगा। उन्होने कहा कि जल्द ही स्कूल के जर्जर कमरों की मरम्मत करके टाईल्स लगाने, कैम्पस में इण्टरलाकिंग एवं शौचालय निर्माण का कार्य कराया जायेगा। साथ ही पेयजल की भी समूचित व्यवस्था की जायेगी। जिससे यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधायें मिल सके। ज्ञातव्य हो कि कायाकल्प योजना के तहत नगर पालिका द्वारा नगर के मुगल पुरा प्राथमिक विद्यालय का भी विकास कार्य किया गया है। जिससे विद्यालय की तस्वीर बदल गयी है तथा विद्यार्थियों को मूलभूत सुविधायें उपलब्ध हुई हैं।
पालिकाध्यक्ष के निरीक्षण के दौरान अवर अभियंता सी0पी0 दूबे, वसीम अहमद, सालिम अंसारी आदि साथ रहे।




