समरसेबल का दूषित पानी पीने से मुहल्ले के कई लोग बीमार, एक की हालत नाजुक

मुहम्मदाबाद गोहना/मऊ। नगर पंचायत वलीदपुर मोहल्ला इस्लामपुरा में बीते गुरुवार को समरसेबल का दूषित पानी पीने से मोहल्ले के कई लोग बीमार हो गए थे, जिनका इलाज जनपद के अलग-अलग प्राइवेट हॉस्पिटलों में अभी भी चल रहा है। जिसमें एक मरीज की हालत नाजुक बनी हुई है।
नगर पंचायत द्वारा मोहल्ले में पहुंचकर पुराने समरसेबल को जो पास में बने नाले से अटैच हो गया था,जिसका पानी समरसेबल में जाने लगा था, जिससे समरसेबल द्वारा मोहल्ले के कई घरों में दूषित पानी पहुंच गया था। जिससे लोग पानी पीकर डायरिया से ग्रसित हो गए थे।सूचना पाकर नगर पंचायत कर्मचारियों ने मौके पर पहुँचकर समरसेबल को निकाल कर रख दिया और साफ सफाई कर दवा का छिड़काव भी करवाया था। जिससे मोहल्ले की स्थिति इस समय सामान्य है।
इस बाबत पूछे जाने पर वलीदपुर के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि मोहल्ले वासियों की सूचना पर कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर समरसेबल को निकाल कर उसको बन्द दिया गया है, और पास में नया समरसेबल की बोरिंग कराकर मोहल्ले वासियों को शुद्ध पानी दिया जाएगा। मोहल्ले में नाली रास्ता एवं साफ सफाई की व्यवस्था करा दी गई है। प्रतिदिन नगर पंचायत द्वारा एक टैंकर क्लोरीन युक्त पानी मोहल्ले वासियों को दिया जा रहा है। प्रतिदिन इलाज के लिए भर्ती मरीजों का हालचाल लिया जा रहा है।

